Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

ICC Rankings: टेस्ट रैंकिंग के टॉप-10 में पहुंचने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी बने रहमत शाह, देखें लिस्ट

INT News11 November 2026 at 10:46 pm

ICC Rankings: अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने आईसीसी पुरुष टेस्ट रैंकिंग में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में से किसी भी विभाग की टेस्ट रैंकिंग के टॉप-10 में जगह बनाने वाले अफगानिस्तान के पहले क्रिकेटर बन गए हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में खेले गए पहले टेस्ट में 173 रन की शानदार पारी खेलने का इनाम उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला है. रहमत 735 रेटिंग अंकों के साथ टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं. यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है.

अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेला गया पहला टेस्ट हाई स्कोरिंग रहा. दोनों टीमों ने 500 से अधिक रन बनाए, लेकिन मुकाबले का नतीजा ड्रॉ रहा. इस मैच में रहमत के अलावा अफगानिस्तान के अन्य बल्लेबाजों ने भी शतक लगाए, जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला.

सेदिकुल्लाह अटल और रहमानुल्लाह को भी हुआ फायदा

जिम्बाब्वे के खिलाफ 105 रन की पारी खेलने वाले सेदिकुल्लाह अटल ने टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 14 स्थान की छलांग लगाई है. वह 414 रेटिंग अंकों के साथ 81वें नंबर पर पहुंच गए हैं. यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है.

आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग

वहीं, डेब्यू टेस्ट में 113 रन बनाने वाले रहमानुल्लाह संयुक्त रूप से 83वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल की बादशाहत बरकरार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी वनडे सीरीज पर बारिश का असर पड़ा है. हैमिल्टन में मंगलवार को खेला जाने वाला तीसरा मुकाबला भी बारिश के कारण रद्द हो गया. पांच मैचों की सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 2-0 से आगे है.

आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग

बारिश के कारण खिलाड़ियों को रैंकिंग में सुधार का ज्यादा मौका नहीं मिला. आईसीसी पुरुष वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग के शीर्ष चार स्थानों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. भारत के शुभमन गिल पहले नंबर पर कायम हैं. न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल दूसरे, विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें: SRH की मालकिन काव्या मारन ने ग्रीस में लिए सात फेरे, सिंगर अनिरुद्ध संग रचाई शादी, 21 को होगा रिसेप्शन

तौहीद हृदोय ने लगाई 115 स्थान की छलांग

बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच सिलहट में खेला गया दूसरा टेस्ट भी ड्रॉ रहा. हालांकि, पहले टेस्ट में आठ विकेट से जीत के दम पर वेस्टइंडीज ने दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली.

दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश के बल्लेबाज तौहीद हृदोय ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने पहली पारी में नाबाद 242 रन बनाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया, जबकि दूसरी पारी में 82 रन की पारी खेली. इस प्रदर्शन के दम पर उन्हें टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है. हृदोय 115 स्थान ऊपर चढ़कर 175वें से सीधे 60वें नंबर पर पहुंच गए हैं.

ये भी पढ़ें: BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास पर FIR की नौबत क्यों आई? जन्मतिथि विवाद में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

जोमेल वॉरिकन पहली बार टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग के टॉप-20 में

दोनों टेस्ट सीरीज में बल्लेबाजों का दबदबा रहा, इसलिए गेंदबाजों को रैंकिंग में ज्यादा फायदा नहीं मिला. हालांकि, वेस्टइंडीज के स्पिनर जोमेल वॉरिकन ने शानदार प्रदर्शन के दम पर लंबी छलांग लगाई है.

आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग

सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए वॉरिकन ने सिलहट टेस्ट में सात विकेट हासिल किए. इसके बाद वह टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में 11 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर पहुंच गए हैं. पहली बार उन्होंने इस सूची के टॉप-20 में जगह बनाई है. ऑलराउंडर रैंकिंग में भी वॉरिकन को चार स्थान का फायदा हुआ है. वह अब 31वें नंबर पर हैं. उनके साथी जस्टिन ग्रीव्स एक स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं.

गुरनूर बराड़ ने वनडे रैंकिंग में लगाई 60 स्थान की छलांग

भारतीय युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भी वनडे रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है. न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में उन्होंने 44 रन देकर तीन विकेट लिए थे. इसके बाद वेलिंगटन में 30 रन देकर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा.

आईसीसी वनडे गेंदबाजी रैंकिंग

लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर गुरनूर ने वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में 60 स्थान की छलांग लगाई है. वह अब 48वें नंबर पर पहुंच गए हैं. गुरनूर ने अपने शुरुआती 12 वनडे मैचों में कुल 21 विकेट हासिल किए हैं.

ये भी पढ़ें: ICC प्लेयर ऑफ द मंथ की रेस में 3 खिलाड़ी, लिस्ट में एक भी भारतीय नहीं