national
संभव हो तो दिल्ली छोड़ दें! हवा हुई जहरीली तो डॉक्टर ने दी सलाह

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राजधानी की जहरीली हवा अब लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल रही है. अस्पतालों में सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है. हालात को देखते हुए डॉक्टरों ने बड़ी सलाह दी है. डॉक्टरों का कहना है कि जिन लोगों के पास विकल्प है, वे कुछ दिनों के लिए दिल्ली से बाहर चले जाएं और हवा की गुणवत्ता में सुधार होने के बाद ही वापस लौटें.
इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ राजेश चावला ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी, खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. ओपीडी में इन लक्षणों वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है.द हिंदू के मुताबिक, डॉक्टर कहा कि यदि संभव हो तो लोगों को फिलहाल दिल्ली आने से बचना चाहिए. जो लोग पहले से राजधानी में रह रहे हैं और जिनके पास विकल्प है, वे कुछ दिनों के लिए शहर से बाहर जा सकते हैं. प्रदूषण का स्तर कम होने पर वापस लौट सकते हैं. बाहर निकलते समय मास्क पहनने की भी सलाह दी गई है.
पटाखों का धुआं सबसे ज्यादा खतरनाक
पीएसआरआई इंस्टीट्यूट ऑफ पल्मोनरी, क्रिटिकल केयर एंड स्लीप मेडिसिन के चेयरमैन डॉ जीसी खिलनानी ने कहा कि हर तरह का PM2.5 प्रदूषण एक जैसा नुकसानदायक नहीं होता. इसका खतरा इस बात पर निर्भर करता है कि प्रदूषण किस स्रोत से पैदा हो रहा है. उन्होंने पटाखों पर लगे प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाले सूक्ष्म कणों में क्रोमियम, स्ट्रॉन्शियम और एल्युमिनियम जैसी भारी धातुएं मौजूद होती हैं. इसके अलावा इनमें चारकोल, गोंद और कागज के अवशेष भी होते हैं. ये तत्व फेफड़ों में जमा होकर शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं.
रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों को ज्यादा खतरा
गुरुग्राम स्थित पारस हेल्थ के पल्मोनोलॉजी विभाग के निदेशक एवं प्रमुख डॉ अरुणेश कुमार ने कहा कि कामकाजी उम्र के लोग, खासकर वे लोग जो रोजाना लंबे समय तक बाहर रहते हैं और ऑफिस आने-जाने में काफी समय बिताते हैं, प्रदूषण से अधिक प्रभावित हो सकते हैं. स्वस्थ वयस्कों को भी जहरीली हवा के संपर्क में आने से सांस संबंधी परेशानी हो सकती है. उन्होंने बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनने की सलाह दी. साथ ही घर के अंदर PM2.5 के स्तर को कम करने के लिए HEPA फिल्टर वाले एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करने और प्रदूषण बढ़ने के दौरान खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी.
बच्चों में भी बढ़ी खांसी और सांस की शिकायत
इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल, दिल्ली के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ निखिल मोदी ने बताया कि मौजूदा प्रदूषण के दौर में बच्चों को भी सांस संबंधी परेशानियां हो रही हैं. ओपीडी में बच्चों की संख्या बढ़ी है. इनमें लगातार सूखी खांसी, छींक आना, नाक बंद होना, गले में जलन, सांस लेते समय घरघराहट और सांस फूलने जैसी शिकायतें शामिल हैं. उन्होंने कहा कि अस्थमा से पीड़ित बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. पहले से संवेदनशील उनकी सांस की नलियों में PM2.5 और अन्य प्रदूषकों के संपर्क से सूजन और सिकुड़न बढ़ सकती है.
ये भी पढ़ें: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर AI का पहरा, 700 स्मार्ट CCTV कैमरों से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी