समाचार · मध्य प्रदेश
प्रतिबंध के बावजूद फोफनार में कराई हेला टक्कर:मेले की आड़ में कराई पशुओं की लड़ाई, पुलिस ने मेला समिति के 5 सदस्यों और 4 अन्य पर FIR दर्ज की
बुरहानपुर जिले के फोफनार गांव में बुधवार को हेला टक्कर कराई गई। कलेक्टर विवेक कुमार ने जिले में इस पर प्रतिबंध लगाया था। आदेश जनवरी 2027 तक लागू है। शाहपुर थाना पुलिस ने जांच के बाद मेला समिति के 5 सदस्यों और 4 हेला मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, आयोजन में कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट के धारा 163 बीएनएसएस के तहत जारी आदेश का उल्लंघन हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 223, 125 और 3(5) बीएनएस के साथ पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत केस दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, मेले में पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया। इससे पहले शाहपुर क्षेत्र में अमरावती नदी के किनारे हेला टक्कर कराई गई थी। उस मामले में पुलिस ने 10 नामजद और 8 अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस मामले में फकीरा पिता सुपडू, विकास पिता विश्वनाथ, राजू पिता शंकर, प्रेमसिंह पिता मांगीलाल और सत्तार पिता सरदार के नाम शामिल हैं। ये सभी मेला समिति के सदस्य हैं। हेला मालिकों में जितेन्द्र सिरतुरे निवासी ग्राम सारोला, थाना शिकारपुरा; जब्बार पठान निवासी ग्राम मोहद, थाना शाहपुर; शोएब पटेल निवासी ग्राम सारोला, थाना शिकारपुरा; और रूपा पिता जगन गौंड निवासी ग्राम वाराडोली, थाना शाहपुर शामिल हैं।