Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सीसीटीवी से फोटोकॉपी दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार:अकलतरा में 30,000 रुपए और मोबाइल चोरी का मामला 48 घंटे में खुलासा, चाकू बरामद

INT News11 November 2026 at 10:31 pm

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में फोटोकॉपी दुकान में नकबजनी कर नगदी और मोबाइल चोरी करने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी प्रभात उर्फ भोलू यादव (22) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल, 3,403 रुपए की नगदी व सिक्के और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दुकान बंद कर घर गए, सुबह मिला सामान अस्त-व्यस्त पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अकलतरा के अधियारीपाठ निवासी भोलामणी चक्रधारी 7 नवंबर की रात अपनी फोटोकॉपी दुकान बंद कर घर चले गए थे। 8 नवंबर की सुबह दुकान खोलने पर अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर गल्ले से करीब 30 हजार रुपए की नगदी और सिक्के तथा रेडमी नोट 9 प्रो मोबाइल गायब मिला। चोर ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी नुकसान पहुंचाया था। पीड़ित की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से संदेही की पहचान विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान कर यादव मोहल्ला, अकलतरा स्थित उसके घर पर दबिश दी गई। पुलिस ने प्रभात उर्फ भोलू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। घर से चोरी का मोबाइल और चाकू बरामद पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने घर के सामने स्थित नेहा फोटोकॉपी दुकान में पीछे के रास्ते से प्रवेश कर चोरी की थी। उसने दुकान की दराज में रखे थैले से नगदी, 10, 5, 2 और 1 रुपए के सिक्के तथा रेडमी नोट 9 प्रो मोबाइल चोरी किया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी का मोबाइल, सिक्कों सहित कुल 3,403 रुपए और वारदात में इस्तेमाल स्टील का सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभात यादव उर्फ भोलू, पिता सीताराम यादव, निवासी यादव मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 11, अकलतरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए 11 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।