Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

ट्रक के नीचे बैठा था मजदूर,ड्राइवर ने बढ़ा दिया वाहन:बेमेतरा के लालपुर पोल्ट्री फार्म में पहिए की चपेट में आने से मौत

INT News11 November 2026 at 10:47 pm

बेमेतरा जिले के देवकर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम लालपुर स्थित पोल्ट्री फार्म में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। अंडों से भरे ट्रक को आगे बढ़ाते समय ड्राइवर का ध्यान वाहन के नीचे बैठे मजदूर पर नहीं गया। ट्रक का पहिया मजदूर के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक के नीचे बैठा था मजदूर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक गणेश्वर नेताम (38) मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम रेलवाही स्थित लक्ष्मण टोला का निवासी था। मंगलवार देर रात वह पोल्ट्री फार्म परिसर में ट्रक के निचले हिस्से के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान अंडों से भरे ट्रक के ड्राइवर ने वाहन आगे बढ़ा दिया। ट्रक का पहिया मजदूर के ऊपर चढ़ गया। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चौकीदार की नजर पड़ने पर पता चला हादसा बताया गया कि ट्रक चालक को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वाहन के नीचे मजदूर बैठा हुआ है। ट्रक आगे बढ़ने के बाद ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की नजर मजदूर पर पड़ी, तब हादसे की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही देवकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए साजा स्थित मर्चुरी भेजा गया। ड्राइवर के खिलाफ अपराध दर्ज पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। हादसे के बाद पोल्ट्री फार्म परिसर में शोक का माहौल रहा।