sports
NPL 2026: गेंद खेलने के बाद प्लेयर को गुस्सा करना पड़ा महंगा, अंपायर ने दिया आउट, Video वायरल

Nepal Premier League: क्रिकेट में बल्लेबाजों को आमतौर पर बोल्ड, कैच, रन आउट या एलबीडब्ल्यू होते देखा जाता है. लेकिन नेपाल प्रीमियर लीग में कर्णाली याक्स के कप्तान सोमपाल कामी के आउट होने का तरीका चर्चा का विषय बन गया है. पोखरा एवेंजर्स के खिलाफ मुकाबले में कामी ने गुस्से में एक ऐसी गलती कर दी, जिसका खामियाजा उन्हें अपना विकेट गंवाकर भुगतना पड़ा. उन्होंने गेंद को एक बार खेलने के बाद दोबारा बल्ले से मार दिया. विरोधी टीम की अपील पर अंपायर ने उन्हें ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के तहत आउट करार दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
गुस्से में दोबारा गेंद पर चलाया बल्ला
यह घटना 9 नवंबर को काठमांडू के कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर हुई. यहां कर्णाली याक्स और पोखरा एवेंजर्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा था. कर्णाली की टीम 218 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी.
View on Instagram
पारी के 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर पोखरा के गेंदबाज बिपिन खत्री ने ऑफ स्टंप के बाहर गेंद डाली. सोमपाल कामी ने उस पर कट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर उनके पैरों के पास रुक गई. अपने शॉट से नाखुश कामी ने झुंझलाहट में गेंद को दोबारा बल्ले से मार दिया.
उनकी इस हरकत को देखते ही पोखरा के खिलाड़ियों ने अपील कर दी. अंपायरों ने आपस में चर्चा की और फिर कामी को आउट दे दिया. वह 19 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
ये भी पढ़ें: अर्शदीप सिंह या समरीन कौर? कौन हैं ज्यादा अमीर, किसने की है ज्यादा पढ़ाई, जानें दोनों की नेटवर्थ और एजुकेशन
क्या है ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ का नियम?
क्रिकेट में ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ आउट होने का एक तरीका है. यह नियम तब लागू होता है, जब बल्लेबाज जानबूझकर अपने शब्दों या हरकतों से विरोधी टीम की फील्डिंग में बाधा डालता है.
हालांकि, बल्लेबाज को गेंद को दोबारा खेलने की अनुमति एक खास स्थिति में मिलती है. अगर वह अपने विकेट को गेंद से बचाने के लिए ऐसा करता है, तो उसे आउट नहीं दिया जाता. लेकिन जानबूझकर गेंद को दूसरी बार मारना, जब इसका उद्देश्य विकेट बचाना न हो, आउट होने की वजह बन सकता है. सोमपाल कामी के मामले में भी यही नियम लागू हुआ.
पोखरा एवेंजर्स ने 63 रन से जीता मुकाबला
मैच में पोखरा एवेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 217 रन बनाए थे. युवराज समरा ने 48 गेंदों में 102 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए. कुशल भुर्तेल ने भी 39 गेंदों में 62 रन का योगदान दिया. 218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्णाली याक्स की टीम 18.3 ओवर में 154 रन पर ऑलआउट हो गई.
ये भी पढ़ें: SRH की मालकिन काव्या मारन ने ग्रीस में लिए सात फेरे, सिंगर अनिरुद्ध संग रचाई शादी, 21 को होगा रिसेप्शन