समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह-जबलपुर हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर से लगा जाम:पुलिस ने मशीन से हटाए ट्रक, 5 घंटे यातायात ठप रहा
दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर शनिवार सुबह दानीताल और धबालेन के बीच दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद हाईवे पर करीब पांच घंटे तक रास्ता बंद रहा। सुबह 5 बजे से 10 बजे तक जाम लगा रहा। सूचना मिलते ही सिंग्रामपुर चौकी प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क पर फंसे ट्रकों को हटाने में काफी परेशानी आई। पुलिस ने मशीन की मदद से दोनों ट्रकों को हटवाया, जिसके बाद जाम खुल सका और गाड़ियां फिर से चलने लगीं। दोनों ट्रक के चालक सुरक्षित चौकी प्रभारी चौहान ने बताया कि सुबह 5 बजे सतघटिया के जंगल क्षेत्र में यह हादसा हुआ था। अच्छी बात यह रही कि ट्रक चालकों को कोई चोट नहीं आई। दमोह-जबलपुर हाईवे पर सिंग्रामपुर के टाइगर रिजर्व क्षेत्र से गुजरने वाली सड़क की हालत खराब है, जिस पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। पुलिस ने क्लियर कराया ट्रैफिक दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद दमोह जबलपुर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। दोनों ओर ट्रक, बस और अन्य छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा। पुलिस द्वारा लगातार प्रयास करने के बाद यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।