समाचार · हरियाणा
जींद में 2 किलो 946 ग्राम गांजा पत्ती बरामद:डिटेक्टिव स्टाफ ने दो नशा तस्करों को पकड़ा, थाना शहर में मामला दर्ज
जींद जिला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ ने दो नशा तस्करों को 2 किलो 946 ग्राम गांजा पत्ती के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हांसी जिले के माढ़ा निवासी संदीप और बंटी के रूप में हुई है। डिटेक्टिव स्टाफ के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि टीम पटियाला चौक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन जींद के पास चौराहे से दो युवकों को स्कूटी के साथ पकड़ा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो स्कूटी पर रखे एक बैग से पॉलीथिन में पैक 2 किलो 946 ग्राम गांजा पत्ती मिली। थाना शहर में मामला दर्ज पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना शहर जींद में NDPS एक्ट की धारा 20/61/85 के तहत केस दर्ज कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जींद पुलिस नशे के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही है और नशा बेचने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा।