Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सुकमा में शबरी नदी खतरे के निशान से 90cm ऊपर:तीन दिन की बारिश से सुकमा-कोंटा मार्ग बंद, 19 राहत शिविरों में 1278 लोग

INT News26 September 2026 at 02:53 pm

सुकमा जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे जिले के हालात बिगड़ गए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सुकमा-कोंटा मार्ग पर बोधागुड़ा, दुब्बाटोटा और इंजराम के पुलों पर पानी आ गया है। इस वजह से यहां आवाजाही रोक दी गई है। इससे सुकमा का संभागीय मुख्यालय जगदलपुर से सड़क संपर्क भी टूट गया है। तेलंगाना की ओर से सुकमा और जगदलपुर जाने वाले यात्रियों को कोंटा में ही रोका गया है। मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। कोंटा में शबरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार शाम को नदी का जलस्तर 14.90 मीटर दर्ज किया गया। यहां खतरे का निशान 14 मीटर है। यानी नदी खतरे के निशान से 90 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। लगातार बारिश जारी रहने से जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन शबरी और जिले के अन्य नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पानी भरे पुलों और नदी-नालों को पार न करें। 19 राहत शिविरों में 1278 लोग बाढ़ और जलभराव से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने जिले में 19 राहत शिविर बनाए हैं। अब तक 1278 लोगों को सुरक्षित निकालकर इन शिविरों में पहुंचाया गया है। इनमें बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ सड़क संपर्क टूटने के कारण फंसे यात्री भी शामिल हैं। कोंटा में भी बिगड़ रहे हालात शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद कोंटा नगर पंचायत ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। वार्ड नंबर 15, 14, 13, 12 और 6 के करीब 50 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। कोंटा तहसीलदार निधि प्रधान के मुताबिक, कोंटा क्षेत्र में कुल 680 लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है। इनमें बारिश और सड़क बंद होने से प्रभावित लोग और फंसे हुए यात्री शामिल हैं। प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं। लोगों से नदी-नालों और पुलों के पास नहीं जाने की अपील की गई है। जलस्तर बढ़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।