समाचार · पंजाब
दुकान मालिक ने कर्मी को पीटा, ग्राहकों ने मिलकर कारोबारी धुना
जगन सिंह लुधियाना| जालंधर बाईपास चौक के पास दाना मंडी स्थित पटाखा मार्केट में देर रात मामूली बात पर झगड़ा हो गया। दुकान में काम करने वाले लड़के की पिटाई को लेकर हुए विवाद के बाद जुटी भीड़ ने पटाखा कारोबारी पर हमला कर दिया। हमले में घायल कारोबारी को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 9 बजे की है। दाना मंडी पटाखा मार्केट में दुकान नंबर-5 नानक फायरवर्क्स के मालिक जगन सिंह उर्फ जेपी (26) ने अपनी दुकान पर काम करने वाले लड़के पर चोरी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक ग्राहक ने लड़के को न पीटने को कहा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ग्राहक के टोकने पर दुकानदार भड़क गया और दोनों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद ग्राहक ने फोन करके अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। माहौल बिगड़ता देख जेपी ने अपनी पिस्तौल निकालकर लोड करने की कोशिश की लेकिन वह लोड नहीं हो सकी। पिस्तौल देखते ही भीड़ ने जेपी को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। जेपी के भाई ने बताया कि 9 लाख कैश और रिवॉल्वर 30 से 35 लोग लूट कर ले गए।