Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

संजय की मौत के बाद बड़ा राजनीतिक पद चाहती थीं मेनका: सोनिया ने खोले गांधी परिवार के झगड़े के राज

INT News10 November 2026 at 04:17 pm

सोनिया गांधी ने बताया कि संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी कांग्रेस में राजनीतिक भूमिका चाहती थीं. उनकी मां संजय के समर्थकों के जरिए पार्टी में मेनका के लिए पद की मांग कर रही थीं. लेकिन इंदिरा गांधी इसके पक्ष में नहीं थीं. उनका मानना था कि मेनका अभी काफी छोटी हैं और उन्हें अपने तीन महीने के बच्चे की देखभाल करनी चाहिए. यही नहीं, मेनका की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और परिवार के साथ बढ़ते मतभेदों ने गांधी परिवार में ऐसी दरार पैदा की, जिसका अंत उन्हें इंदिरा गांधी का घर छोड़कर करना पड़ा.

संजय की मौत के बाद मेनका और इंदिरा गांधी के बीच बढ़ गया तनाव

23 जून 1980 को एक विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत हो गई. इसके बाद गांधी परिवार में मेनका और इंदिरा गांधी के बीच तनाव और बढ़ गया.

सोनिया अपनी किताब में लिखती हैं कि माना जा रहा था कि मेनका की मां संजय के समर्थकों को कांग्रेस में उनकी पत्नी के लिए राजनीतिक पद की मांग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थीं.

लेकिन इंदिरा गांधी इसके लिए तैयार नहीं थीं. उनका मानना था कि 23 साल की मेनका अभी नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए बहुत छोटी और अपरिपक्व हैं. उनका तीन महीने का बच्चा भी था, इसलिए इंदिरा चाहती थीं कि वह फिलहाल उसकी देखभाल करें और राजनीति में आने के लिए धैर्य रखें.

इंदिरा को लगता था कि मेनका के पास अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए आगे काफी समय है. हालांकि, सोनिया के मुताबिक, जल्द ही साफ हो गया कि मेनका की प्राथमिकताएं कुछ और थीं.

ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी ने इमरजेंसी को बताया संवैधानिक, फिर मोदी सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप क्यों?

18 साल की उम्र में गांधी परिवार की छोटी बहू बनी थीं मेनका

सोनिया गांधी के मुताबिक, 1973 के आखिरी महीनों में संजय गांधी और मेनका का परिचय हुआ था. इसके करीब एक साल बाद दोनों ने शादी कर ली. उस समय मेनका महज 18 साल की थीं. इस तरह वह गांधी परिवार की छोटी बहू बनकर इंदिरा गांधी के घर आ गईं.

सोनिया लिखती हैं कि मेनका काफी जोशीली और बातूनी थीं. शुरुआत में उन्हें भी घर में एक देवरानी का आना अच्छा लगा. घर के कर्मचारी सोनिया को 'बहुरानी' कहकर बुलाते थे. वह खुद और मेनका को परिवार की बराबर की बेटियां मानती थीं और चाहती थीं कि दोनों के बीच अपनापन बना रहे.

हालांकि, धीरे-धीरे रिश्तों में खटास आने लगी. सोनिया के मुताबिक, मेनका कई बार उनसे रूखे अंदाज में बात करती थीं. घर का माहौल खराब न हो, इसलिए वह अक्सर चुप रहती थीं. लेकिन जब बात हद से आगे बढ़ती तो वह भी जवाब देने से पीछे नहीं हटती थीं.

संजय और मेनका के बीच भी होने लगी थी बहस

सोनिया ने किताब में लिखा है कि शादी के कुछ ही समय बाद संजय और मेनका के बीच मतभेद परिवार के सामने आने लगे थे. दोनों के बीच बहस तेज और तीखी होने लगी थी.

सोनिया के मुताबिक, नाराज होने पर मेनका अपशब्दों का इस्तेमाल करती थीं. यहां तक कि इंदिरा गांधी के सामने भी ऐसी भाषा बोल देती थीं. इससे संजय असहज हो जाते थे और परिवार के दूसरे सदस्य भी हैरान रह जाते थे.

हालांकि, जब मेनका संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों और समारोहों में जाने लगीं तो वह परिवार में कुछ सहज दिखाई देने लगीं. लेकिन सोनिया का कहना है कि संजय पर मेनका का प्रभाव उनके और राजीव गांधी के रिश्तों पर भी पड़ने लगा था. कुछ महीने पहले तक दोनों भाई बेहद करीब थे, लेकिन अब उनके बीच कड़वाहट पैदा हो रही थी.

इंदिरा को लगने लगा था कि मेनका संजय को उकसा रही हैं

सोनिया के मुताबिक, आपातकाल के बाद संजय गांधी की राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने लगी थीं. वह इंटरव्यू में नौकरशाही की धीमी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगे थे. उनके कुछ बयानों को इंदिरा गांधी की आलोचना के तौर पर भी देखा जा रहा था.

कांग्रेस के कुछ धड़े संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का समर्थन करने लगे थे. सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी को लगने लगा था कि मेनका संजय को समझाने के बजाय उनकी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं.

सोनिया के अनुसार, इंदिरा गांधी ने अपने तत्कालीन कैबिनेट सचिव पीएन धर से मेनका के बारे में कहा था, 'उसके अभी से पर निकलने लगे हैं.'

1978 की हार के बाद राजीव और संजय में बढ़ा तनाव

सोनिया ने 1978 के संसदीय चुनाव के बाद परिवार में बढ़े तनाव का भी जिक्र किया है. उनके मुताबिक, राजीव गांधी का मानना था कि चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के लिए संजय की जिद, जल्दबाजी और बिना सोचे-समझे कार्यक्रम लागू करने की आदत जिम्मेदार थी.

सोनिया लिखती हैं कि राजीव को लगता था कि संजय ने कई बार अपनी मां की जानकारी के बिना फैसले लिए और अच्छी सलाह को भी नजरअंदाज किया.

एक पारिवारिक बातचीत के दौरान राजीव ने नाराज होकर संजय से कहा था, 'मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय. तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है.'

इंदिरा गांधी ने भी राजीव की बात का समर्थन किया था. उन्होंने संजय से कहा था कि उन्होंने कई बार उनकी जानकारी के बिना आदेश दिए. इस दौरान मेनका ने बीच में बोलने की कोशिश की तो इंदिरा ने उन्हें इन आरोपों को गलत साबित करने की चुनौती दी. मेनका उस समय पीछे हट गईं, लेकिन सोनिया के मुताबिक परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई.

पोते के जन्मदिन पर इंदिरा को लगा झटका

सोनिया ने किताब में संजय और मेनका के बेटे फिरोज वरुण गांधी के पहले जन्मदिन का भी जिक्र किया है. उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी ने पोते का जन्मदिन घर में छोटी-सी पारिवारिक पार्टी के रूप में मनाने का सुझाव दिया था.

लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि जन्मदिन का आयोजन वसुंधरा राजे के घर पर किया गया था. वसुंधरा राजे उस समय इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी थीं. वह ग्वालियर की पूर्व राजमाता की बेटी हैं और बाद में राजस्थान की मुख्यमंत्री बनीं.

सोनिया के मुताबिक, इस आयोजन को इंदिरा गांधी को चोट पहुंचाने की कोशिश के तौर पर देखा गया. बाद में वसुंधरा राजे ने मेनका की पत्रिका 'सूर्या' को आरएसएस के एक सदस्य को बेचने में भी मदद की.

सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी ने इस कदम को अपने बेटे संजय की स्मृति और परिवार की राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ चुनौती के रूप में लिया. उनके मुताबिक, इससे परिवार में तनाव और बढ़ गया.

इंदिरा ने मेनका को घर छोड़ने का विकल्प दिया

सोनिया के मुताबिक, जब इंदिरा गांधी आधिकारिक दौरे पर लंदन गई हुई थीं, तब उन्हें खबर मिली कि मेनका अपना सामान घर से बाहर भिजवा रही हैं.

लंदन से लौटने के बाद इंदिरा ने मेनका को उनकी राजनीतिक गतिविधियों और परिवार के प्रति कथित बेवफाई के लिए फटकार लगाई. उन्होंने साफ कर दिया कि मेनका को फैसला करना होगा कि वह अपनी गतिविधियां बंद करेंगी या फिर घर छोड़कर अलग रहेंगी.

सोनिया लिखती हैं कि मेनका ने इसके जवाब में आरोपों से भरा एक पत्र भेजा. उनके मुताबिक, मेनका चाहती थीं कि घर छोड़ने की जिम्मेदारी सार्वजनिक रूप से इंदिरा गांधी पर आए. सोनिया का दावा है कि मेनका ने कई सप्ताह पहले ही एक पत्रकार मित्र को अपनी योजना के बारे में बता दिया था.

मेनका ने घर छोड़ने के लिए इंदिरा के साथ-साथ राजीव और सोनिया को भी जिम्मेदार ठहराया था.

इस पूरे घटनाक्रम को याद करते हुए सोनिया लिखती हैं कि जिस तरह विवाद को सार्वजनिक किया गया, उससे यह मामला आज के दौर के 'रियलिटी शो' जैसा बन गया था.

वरुण गांधी से मिलने को लेकर भी हुई कानूनी लड़ाई

मेनका के घर छोड़ने के बाद गांधी परिवार और उनके बीच रिश्ते सामान्य नहीं हो सके. सोनिया के मुताबिक, फिरोज वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर भी परिवार और मेनका के बीच कानूनी लड़ाई चली.

उन्होंने किताब में एक घटना का जिक्र किया है. जब वरुण का चौथा जन्मदिन आया तो इंदिरा गांधी पंजाब में बढ़ते संकट को लेकर व्यस्त थीं. उन्होंने सोनिया से कहा कि वह वरुण के नर्सरी स्कूल में कुछ उपहार पहुंचा दें.

लेकिन अगले दिन अखबारों में खबरें छपीं कि मेनका ने इंदिरा गांधी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने सोनिया को बच्चे का अपहरण करने के लिए भेजा था.

सोनिया के मुताबिक, मेनका के वकील को इंदिरा गांधी का आखिरी जवाब 19 अप्रैल 1984 को भेजा गया था. इसके दो महीने से भी कम समय बाद ऑपरेशन ब्लू स्टार हुआ.

बाद में भाजपा में शामिल हुईं मेनका

गांधी परिवार से अलग होने के बाद मेनका गांधी ने अपनी अलग राजनीतिक राह चुनी. उन्होंने 1984 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा, लेकिन राजीव गांधी से हार गईं.

इसके बाद 1988 में वह वीपी सिंह के जनता दल में शामिल हुईं. साल 2004 में उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया.

इस तरह संजय गांधी से प्रेम विवाह कर गांधी परिवार में आईं मेनका की जिंदगी कुछ ही वर्षों में राजनीतिक और पारिवारिक टकराव के ऐसे मोड़ पर पहुंच गई, जहां से उनके और गांधी परिवार के रास्ते अलग हो गए. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में इस पूरे घटनाक्रम को परिवार के भीतर से देखा गया अपना पक्ष बताते हुए दर्ज किया है.

ये भी पढ़ें: क्या प्रधानमंत्री बनना चाहते थे प्रणब मुखर्जी? सोनिया गांधी ने किताब में खोला 2010 का राज