समाचार · पंजाब
पठानकोट में बांध परियोजना में ठेका कर्मचारियों का प्रदर्शन:भारी बारिश में हड़ताल जारी, मानी गई मांगों के नोटिफिकेशन की मांग
पावरकॉम व ट्रांसको आउटसोर्स तालमेल कमेटी पंजाब के आह्वान पर, बांध परियोजना के वर्कशॉप परिसर में ठेका कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन और हड़ताल भारी बारिश के बावजूद लगातार जारी है। कर्मचारी अपनी मानी हुई मांगों को लागू कराने और पंजाब सरकार व पावरकॉम प्रबंधन से तत्काल नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। स्टेट सचिव हरजीत सिंह टडवाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सरकार और पावरकॉम प्रबंधन ने ठेका कर्मचारियों को पक्का करने तथा उन्हें ठेकेदारी प्रथा से मुक्त कर विभाग के अधीन लाने का वादा किया था। हालांकि, लंबे समय से सिर्फ झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं और धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वित्त मंत्री के साथ बैठक रही बेनतीजा, हड़ताल जारी रखने का ऐलान प्रदर्शनकारी नेताओं ने बताया कि आउटसोर्स कर्मचारी बीते 25 जुलाई से लगातार हड़ताल और धरने पर बैठे हुए हैं। हाल ही में पंजाब सरकार के वित्त मंत्री के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में भी उनके हितों की अनदेखी की गई, जिससे कर्मचारियों में काफी रोष है। इसी अनदेखी के चलते कर्मचारियों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष आउटसोर्स कर्मचारियों ने पावरकॉम प्रबंधन और सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक पूर्व में हुए समझौतों और निर्णयों के आधार पर नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका यह धरना-प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा। इस मौके पर अध्यक्ष हरजीत सिंह, कोषाध्यक्ष मुनीष कुमार, राकेश भगत, पंकज सिंह, भाग सिंह, सुशील कुमार, दर्शन सिंह, देवेंद्र सिंह, योगेश कुमार, और सतनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में ठेका कर्मचारी उपस्थित रहे।