समाचार · हरियाणा
महेंद्रगढ़ सीआईए ने बिजली तार चुराने वाले 2 आरोपी पकड़े:33 केवी लाइन का 1500 मीटर वायर बरामद, पुलिस ने दो पिकअप किए जब्त
महेंद्रगढ़ पुलिस की सीआईए टीम ने बिजली के तार चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 1500 मीटर 33 केवी बिजली का तार और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो पिकअप वाहन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के मार्गदर्शन में की गई। यह मामला 5 जुलाई को दर्ज किया गया था। केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड में साइट सुपरवाइजर जगदंबा प्रसाद ने थाना सदर महेंद्रगढ़ में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी निहाली कोथल खुर्द में डी-3 से डी-4 लाइन पर 33 केवी विद्युत लाइन का निर्माण कर रही थी। कार्यस्थल से लगभग 2500 मीटर 33 केवी कंडक्टर बिजली के तार और अन्य विद्युत सामग्री चोरी हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच शिकायत के आधार पर थाना सदर महेंद्रगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को ढाढोत से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नारनौल निवासी विनय और भिवानी निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें नसीबपुर जेल भेज दिया है। महेंद्रगढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।