समाचार · मध्य प्रदेश
जंगल में लड़की का शव पेड़ से लटका मिला:सिंगरौली में एक दिन पहले घर से बाजार जाने के लिए निकली थी
सिंगरौली जिले के बरका चौकी क्षेत्र के कठदहा गांव स्थित पठारी दह जंगल में शनिवार को एक किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला। चरवाहों ने शव देखा, जिसके बाद बरका चौकी पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान अंधियरिंया के रहने वाले राजभान सिंह की बेटी के रूप में हुई है। परिजन ने बताया कि वह शुक्रवार को घर से बाजार जाने का कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आई। घरवालों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह परिजन ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस और घरवाले लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच चरवाहों ने जंगल में पेड़ से लटकता शव देखा और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई और परिजन को बुलाया। सुसाइड नोट नहीं मिला, कारणों की जांच जारी सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मुसकोले ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए फिलहाल मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।