Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

22 मजदूरों की 3.50 लाख की मजदूरी अटकी:भुगतान न मिलने पर भूख हड़ताल की चेतावनी; टाइल्स लगाने लिया था काम

INT News1 August 2026 at 06:49 pm

शिवपुरी के ग्वालियर बायपास स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले 22 मजदूरों ने करीब 3.50 लाख रुपये की मजदूरी नहीं मिलने का आरोप लगाया है। पीड़ित मजदूरों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर ठेकेदारों और बिल्डिंग मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे भूख हड़ताल पर बैठने के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। ग्राम खजूरी निवासी रामेश्वर कुशवाह ने बताया कि उनके साथ खजूरी, गणेशखेड़ा, बरोदा, आमोलपठा, विजयपुर सहित अन्य गांवों के कुल 22 मजदूरों ने 11 मई 2026 से 8 जून 2026 तक ग्वालियर बायपास स्थित ललित गोयल की निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम किया। उन्होंने दिन-रात करीब 15 घंटे काम किया। मजदूरों ने लगभग 12 हजार वर्गफुट टाइल्स लगाने, 2 हजार वर्गफुट बजरी तीसरी मंजिल तक चढ़ाने और 500 बॉक्स टाइल्स ढोने सहित अन्य निर्माण कार्य किए। इस काम की कुल मजदूरी करीब 3.50 लाख रुपये बनती है। रामेश्वर कुशवाह का आरोप है कि ठेकेदार महेश कुशवाह और अरविंद सिंह जादौन ने काम पूरा होने के बाद एक-दो दिन में भुगतान करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, बाद में दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद मजदूरों ने बिल्डिंग मालिक ललित गोयल से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने भी भुगतान करने से इनकार कर दिया। मजदूरों का आरोप है कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें वहां से भगा दिया गया। पीड़ित मजदूरों का कहना है कि उन्होंने 13 जून 2026 को कोतवाली थाना और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया गया और बाद में सीएम हेल्पलाइन की शिकायत भी बंद करा दी गई। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि भुगतान मांगने पर उन्हें चोरी सहित अन्य मामलों में झूठा फंसाने की धमकी दी गई।