Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हाईब्रिड मोड से खाद वितरण पर अशोकनगर कलेक्टर सख्त:आधार, मोबाइल, ऋण पुस्तिका अनिवार्य; केंद्र पर यूरिया वितरण दो दिन बंद

INT News1 August 2026 at 06:51 pm

अशोकनगर जिले में खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर साकेत मालवीय ने शनिवार को समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने हाईब्रिड मोड से उर्वरक वितरण की व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में किसानों के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और ऋण पुस्तिका अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, अशोकनगर डबललॉक केंद्र पर सोमवार और मंगलवार को यूरिया वितरण बंद रहेगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के निर्देशों के अनुरूप खाद वितरण सुचारू रूप से संचालित हो और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने शासकीय संस्थाओं और निजी विक्रेताओं के माध्यम से हो रहे वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उप संचालक कृषि अमित कुमार भदौरिया ने बताया कि हाईब्रिड मोड में खाद वितरण के दौरान किसानों के दस्तावेजों का संधारण अनिवार्य किया गया है। इसमें आधार कार्ड की छायाप्रति, मोबाइल नंबर, ऋण पुस्तिका तथा यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी की कंपनीवार व मात्रा संबंधी जानकारी दर्ज की जा रही है। दो दिन यूरिया वितरण नहीं होगा

उन्होंने यह भी बताया कि सभी डबललॉक केंद्रों, एमपी एग्रो, सेवा सहकारी समितियों तथा निजी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि दस्तावेजों का संधारण सुनिश्चित कर ही किसानों को खाद उपलब्ध कराएं। बैठक में जानकारी दी गई कि डबललॉक केंद्र अशोकनगर में अपरिहार्य कारणों से सोमवार और मंगलवार को यूरिया खाद का वितरण नहीं होगा। इस अवधि में किसान मुंगावली और पिपरई डबललॉक केंद्रों से यूरिया प्राप्त कर सकेंगे। इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन, अपर कलेक्टर डी.एन. सिंह, एसडीएम इसरार खान, उप संचालक कृषि अमित सिंह भदौरिया सहित सहकारिता, एमपी एग्रो और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।