sports
ZIM vs AFG: 41 साल की उम्र में क्रेग एर्विन ने रचा इतिहास, 100 साल में कोई नहीं कर सका ऐसा कारनामा

Craig Ervine: क्रिकेट में उम्र को अक्सर प्रदर्शन से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज क्रेग एर्विन ने साबित कर दिया कि जुनून और धैर्य के सामने उम्र मायने नहीं रखती. अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने ऐसा कारनामा किया, जिसने उन्हें क्रिकेट इतिहास के खास पन्नों में जगह दिला दी. 41 साल और 82 दिन की उम्र में एर्विन ने नाबाद दोहरा शतक जड़ दिया. इसके साथ ही वह पिछले 100 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए.
यह एर्विन के टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक भी है. उनकी इस पारी ने न सिर्फ जिम्बाब्वे को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला, बल्कि मैच को ड्रॉ कराने में भी अहम भूमिका निभाई.
100 साल में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा
क्रेग एर्विन ने 41 साल और 82 दिन की उम्र में दोहरा शतक लगाकर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया. टेस्ट क्रिकेट में उनसे अधिक उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले केवल दो बल्लेबाज हैं. इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के एरिक रॉवैन पहले स्थान पर हैं. उन्होंने 1951 में इंग्लैंड के खिलाफ 42 साल और 6 दिन की उम्र में 200 रन बनाए थे.
वहीं, इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जैक हॉब्स ने 1924 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 41 साल और 195 दिन की उम्र में दोहरा शतक लगाया था. अब इस सूची में तीसरे स्थान पर क्रेग एर्विन का नाम दर्ज हो गया है. हालांकि, पिछले एक शतक में वह दोहरा शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए हैं.
ये भी पढ़ें: ICC Test Rankings: स्टार्क बने दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज, बुमराह टॉप-5 में बरकरार; देखें टॉप-10 की लिस्ट
87 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
शारजाह टेस्ट के पांचवें दिन एर्विन ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया. टीम को हार से बचाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी. उन्होंने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और क्रीज पर समय बिताया. धीरे-धीरे उन्होंने अपने शॉट खेलने शुरू किए और 87 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. इसके बाद उनकी बल्लेबाजी में तेजी देखने को मिली. एर्विन ने 161 गेंदों में शतक पूरा किया. उन्होंने अफगानिस्तान के गेंदबाजों के सामने मजबूती से बल्लेबाजी जारी रखी और 215 गेंदों में 150 रन के आंकड़े तक पहुंच गए.
अनुभवी बल्लेबाज का शानदार प्रदर्शन यहीं नहीं थमा. उन्होंने 275 गेंदों का सामना करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक पूरा किया. एर्विन 206 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनकी पारी में धैर्य के साथ आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन मेल देखने को मिला.
ये भी पढ़ें: BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास पर FIR की नौबत क्यों आई? जन्मतिथि विवाद में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
शारजाह टेस्ट में लगे 6 शतक और एक दोहरा शतक
जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच खेला गया यह टेस्ट मुकाबला रनों के लिहाज से बेहद खास रहा. मैच में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला और दोनों टीमों ने पहली पारी में 500 से ज्यादा रन बनाए. पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 504 रन बनाए. टीम की ओर से ब्रेंडन टेलर ने 131 और कप्तान ब्रायन बेनेट ने 128 रनों की शानदार पारियां खेलीं.
जवाब में अफगानिस्तान ने भी जोरदार बल्लेबाजी की. टीम ने पहली पारी में 514 रन बनाए. सेदिकुल्लाह अटल ने 105 और रहमनुल्लाह गुरबाज ने 113 रन बनाए. वहीं, कप्तान रहमत शाह ने 173 रनों की बड़ी पारी खेलकर टीम को बढ़त दिलाने में अहम योगदान दिया.
एर्विन और मधेवीरे ने जिम्बाब्वे को हार से बचाया
पहली पारी में पिछड़ने के बाद जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की. इस बार क्रेग एर्विन ने मोर्चा संभाला और अफगान गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया. दूसरे छोर से वेसली मधेवीरे ने भी उनका अच्छा साथ निभाया.
एर्विन ने नाबाद 206 रन बनाए, जबकि मधेवीरे 100 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों बल्लेबाजों ने आखिरी दिन विकेट बचाते हुए बल्लेबाजी की और अफगानिस्तान को जीत से दूर रखा. इस तरह पांच दिनों तक चले इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ.
ये भी पढ़ें: 5 महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर लौटेंगे सूर्या, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में संभालेंगे मुंबई की कमान