sports
IND vs NZ: क्रिकेट से हटकर फालतू बातें करने लगे कमेंटेटर्स, सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल; जानें उन्होंने क्या कहा?

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला टीम इंडिया के नाम रहा, लेकिन मैच के दौरान हिंदी कमेंट्री का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. कमेंट्री के दौरान अजिंक्य रहाणे और विवेक राजदान के बीच समोसे को लेकर हुई बातचीत पर फैंस ने सवाल खड़े किए. कुछ यूजर्स ने कमेंटेटर्स को क्रिकेट से हटकर गैरजरूरी बातें करने के लिए ट्रोल किया.
हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अजिंक्य रहाणे इन दिनों कमेंट्री की दुनिया में अपनी दूसरी पारी शुरू कर रहे हैं. भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में वह हिंदी कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं. हालांकि, दूसरे टी20 के दौरान विवेक राजदान के साथ उनकी बातचीत का एक हिस्सा सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया.
कमेंट्री के दौरान होने लगी समोसे की चर्चा
दरअसल, ऑन-एयर बातचीत के दौरान विवेक राजदान ने समोसे के प्रति अपने प्यार का जिक्र किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह दिल्ली के रहने वाले हैं और जहां समोसा हो, वहां वह पहुंच ही जाते हैं.
विवेक ने बताया कि वह समोसे की खुशबू के कारण उस हॉल तक पहुंच गए थे. उन्होंने कहा कि उन्हें पता भी नहीं था कि वहां शो चल रहा है और वह बस समोसे की खुशबू के पीछे वहां चले आए. इसके बाद बातचीत में अजिंक्य रहाणे भी शामिल हो गए. विवेक राजदान ने उनसे पूछा कि सक्रिय क्रिकेट करियर के दौरान क्या उन्हें समोसे और पकौड़े खाने का मौका मिलता था?
रहाणे ने बताया कि उन्होंने कई सालों तक इन चीजों से दूरी बनाए रखी. उन्होंने अपने बचपन का किस्सा साझा करते हुए कहा कि वह वीकेंड पर अपने पिता के साथ बाजार जाया करते थे और घर के लिए समोसे और पकौड़े लेकर आते थे.
ये भी पढ़ें: ICC Women's T20 World Cup: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 की मेजबानी करेगा पाकिस्तान, भारत फाइनल में पहुंचा तो क्या होगा?
सोशल मीडिया पर भड़के फैंस
कमेंट्री का यह हिस्सा सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ क्रिकेट फैंस ने कमेंटेटर्स को निशाने पर लिया. यूजर्स का कहना था कि मैच के दौरान कमेंट्री का फोकस क्रिकेट पर होना चाहिए, लेकिन हिंदी कमेंट्री में कई बार क्रिकेट से इतर ऐसी बातचीत ज्यादा सुनने को मिलती है.
हालांकि, कुछ दर्शकों ने इस बातचीत को हल्के-फुल्के मनोरंजन का हिस्सा भी माना. कमेंट्री के दौरान क्रिकेट के साथ इस तरह की छोटी-छोटी बातचीत कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार समोसे वाली चर्चा सोशल मीडिया पर बहस का मुद्दा बन गई.
भारत ने दूसरा टी20 जीतकर सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 180 रन बनाए. ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय टीम मुश्किल में नजर आ रही थी. इसके बाद नमन धीर, तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने मोर्चा संभाला. तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन की शानदार पारी खेली, जबकि नमन धीर ने 31 और नितीश रेड्डी ने 26 रन का योगदान दिया. भारत ने 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम किया. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट