समाचार · मध्य प्रदेश
एक किमी पैदल कलेक्टर ऑफिस पहुंची 150 से ज्यादा छात्राएं:बोलीं- छात्रावास में गीजर, वाटर कूलर बंद; सब्जियों में कीड़े निकलते हैं
बड़वानी के संयुक्त बालिका छात्रावास की करीब 150 छात्राएं शनिवार को मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने छात्रावास में पानी की कमी, खराब भोजन, बंद वाटर कूलर-गीजर, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन और पर्याप्त बिस्तर-फर्नीचर नहीं होने की शिकायत की। छात्राओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और समस्याओं के समाधान की मांग की। दिन में आधे से एक घंटा ही चलता है पानी छात्राओं के मुताबिक छात्रावास में ट्यूबवेल और नल दिन में करीब आधा से एक घंटा ही चलते हैं। इससे पीने के पानी की समस्या होती है। छात्राओं ने बताया कि वाटर कूलर और गीजर भी लंबे समय से बंद हैं। छात्राओं के मुताबिक सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी काम नहीं कर रही है। नए गद्दे, बिस्तर और फर्नीचर मिलने का भी इंतजार है। मैन्यू के मुताबिक खाना नहीं मिलने की शिकायत छात्राओं ने भोजन को लेकर भी शिकायत की। उनका कहना है कि मेन्यू के अनुसार नियमित रूप से खाना नहीं मिलता। हरी सब्जियां भी पर्याप्त नहीं दी जातीं। छात्राओं ने कई बार सब्जियों में कीड़े मिलने की शिकायत की। छात्राओं का दावा है कि भोजन से जुड़ी समस्या के बाद सिकलसेल से पीड़ित दो छात्राओं की तबीयत बिगड़ी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दावे और भोजन तथा बीमारी के बीच संबंध की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने छात्रावास के कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया। इन आरोपों पर संबंधित कर्मचारियों का पक्ष लिया जाना बाकी है। 2023 में बना 150-सीटर भवन, पानी की समस्या सहायक आयुक्त रंजना सिंह ने बताया कि छात्रावास का 150-सीटर भवन वर्ष 2023 में पीआईयू ने बनाया था। उनके मुताबिक भवन में निर्माण संबंधी कुछ खामियां हैं। बोरिंग करीब एक घंटे ही चलती है, जो छात्रावास की जरूरत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। उन्होंने बताया कि पानी के लिए नल कनेक्शन का आवेदन किया गया है। फिलहाल टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। भवन की खामियों को लेकर पीआईयू को पत्र लिखकर सुधार कराने की कार्रवाई की जाएगी।