समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद सरकारी अस्पताल में नशेड़ी का हंगामा:महिला मरीज से सिर दबाने को कहा, खाना भी झूठा किया, बेड पर लेटकर बड़बड़ाता रहा
फरीदाबाद के बीके अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में नशे में धुत एक युवक ने मरीजों और उनके परिजनों को परेशान किया। आरोप है कि युवक बिना ओपीडी पर्ची के वार्ड में घुस गया। उसने एक महिला मरीज से सिर दर्द होने की बात कहकर सिर दबाने को कहा। इतना ही नहीं, उसने महिला का खाना भी झूठा कर दिया। युवक की हरकतों से परेशान महिला के पति ने अस्पताल कर्मचारियों से शिकायत कर उसे वार्ड से बाहर निकालने की मांग की। इसके बावजूद युवक कई घंटे तक वार्ड में बेड पर बेसुध पड़ा रहा। इसके बाद एक कर्मचारी डंडा लेकर आया और युवक को बाहर ले गया। घटना रविवार की है। अब इसका वीडियो सामने आया है। पहले 3 तस्वीरें देखिए… महिला से कहा- मेरा सिर दबा दो महिला मरीज के पति के मुताबिक, युवक नशे की हालत में वार्ड में पहुंचा था। उसने वहां मौजूद महिलाओं के साथ बदतमीजी की। युवक ने उनकी पत्नी से सिर दर्द होने की बात कहकर सिर दबाने को कहा। इसके अलावा उसने महिला का खाना भी झूठा कर दिया। इससे परेशान होकर उन्होंने अस्पताल स्टाफ को शिकायत दी और युवक को वार्ड से बाहर निकालने की मांग की। डंडा लेकर पहुंचा कर्मचारी, फिर भी नहीं उठा परिजनों की शिकायत के बाद अस्पताल का एक कर्मचारी डंडा लेकर वार्ड में पहुंचा। उसने युवक को उठाने की कोशिश की, लेकिन युवक कुछ देर के लिए आंखें खोलता और फिर दोबारा सो जाता। कई घंटे तक उसकी यही स्थिति बनी रही। बाद में अस्पताल के कर्मचारी उसे दूसरे वार्ड में लेकर गए। कर्मचारी बोला- महिलाओं को परेशान कर रहा था युवक अस्पताल के एक कर्मचारी ने बताया कि वार्ड नंबर-39 में कुछ लोग उसके पास आए थे। उन्होंने शिकायत की कि एक युवक नशे में धुत होकर महिलाओं को परेशान कर रहा है। सूचना मिलने पर वह वार्ड में पहुंचा, लेकिन युवक उठने के बाद फिर से लेट गया।