समाचार · मध्य प्रदेश
न्यू सदेसी स्वीट्स से 550 किलो मिठाइयां जब्त:एनालॉग मावे से बनी थी; इसी दुकान से रक्षाबंधन पर 1,000 किलो मावा पकड़ा था
देवास में दीपावली से ठीक पहले खाद्य विभाग ने नयापुरा स्थित 'न्यू सदेसी स्वीट्स' से करीब 550 किलो मिलावटी और संदेहास्पद मिठाइयां जब्त की हैं। जांच के दौरान यह मिठाइयां मध्य प्रदेश में पूरी तरह प्रतिबंधित 'एनालॉग मावे' से बनाई जा रही थीं। मौके पर किए गए रैपिड स्ट्रिप टेस्ट में मावे के सैंपल फेल पाए गए, जिसके बाद अफसरों ने पूरी मिठाई को सील कर दिया। खाद्य विभाग की टीम ने नयापुरा स्थित मिठाई की दुकान पर दबिश दी। अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान भी देवास के कई ठिकानों पर छापेमारी कर लगभग 1,000 किलो मावा जब्त किया गया था, जिसमें न्यू सदेसी स्वीट्स भी शामिल था। इस दुकान पर पहले से ही मामला दर्ज है। अब दोबारा वही गड़बड़ी पाए जाने पर खाद्य विभाग दुकान का लाइसेंस रद्द कराने के लिए आवेदन देने की तैयारी कर रहा है। नापतोल विभाग ने सील किया तराजू कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद नापतोल विभाग की टीम ने दुकान के इलेक्ट्रॉनिक तराजू की भी जांच की। इसमें गड़बड़ी पाए जाने पर अफसरों ने तराजू को तुरंत सील कर दिया। खाद्य विभाग अब 'खाद्य सुरक्षा अधिनियम' के तहत अपर कलेक्टर कोर्ट में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाएगा। त्योहार पर इस तरह की मिलावटखोरी और पहले से आरोपी दुकान पर दोबारा घटिया मावा मिलने से प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाता है या मामला सिर्फ जब्ती तक सीमित रहता है।