समाचार · हरियाणा
नूंह सदर थाना प्रभारी ने की सरपंचों संग मीटिंग:गांवों में अपराध रोकने पर चर्चा, गोतस्करी, नशा तस्करी और साइबर ठगी रोकने की रणनीति बनाई
नूंह सदर थाना क्षेत्र में अपराध, नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ग्राम स्तर पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुभाष चंद ने पहली बार क्षेत्र के सभी गांवों के सरपंचों और मौजिज लोगों को थाने बुलाकर अपराधमुक्त गांव बनाने की रणनीति तैयार की। बैठक में गोहत्या, गोतस्करी, नशा तस्करी, साइबर ठगी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने पर मंथन हुआ। सरपंचों ने भी पुलिस को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी सुभाष चंद ने कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ उसे पहले ही रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और पंचायतों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने सरपंचों से अपील की कि गांवों में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, नशे की बिक्री या गैरकानूनी काम की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वालों की पहचान और सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। नशा तस्करी और साइबर ठगी पर रहेगी विशेष नजर बैठक में युवाओं को नशे से बचाने और नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि नशा पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर रहा है। वहीं, साइबर ठगों से बचने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने लोगों को अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक खाते और गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। युवाओं को खेल और शिक्षा से जोड़ने की अपील थाना प्रभारी ने सरपंचों से कहा कि गांवों में युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें, ताकि वे गलत संगत, नशे और अपराध से दूर रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को सामाजिक संरक्षण देने के बजाय उनकी सूचना पुलिस को दी जाए। किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।