Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

VIDEO: ‘तुम्हारा चाचा चोर है’ कहने पर प्रियंका गांधी ने स्कूल में लड़के को जड़ा था थप्पड़, सुनाया पुराना किस्सा

INT News24 November 2026 at 03:38 pm

प्रियंका गांधी ने यह किस्सा अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ बातचीत के दौरान सुनाया. इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया.

वीडियो में प्रियंका कहती हैं, ''आपातकाल के बाद जब दादी चुनाव हार गईं, तो हम दूसरे घर में रहने चले गए. मुझे याद है कि उस समय काफी तनाव था.''

उन्होंने बताया कि एक दिन स्कूल में एक लड़का उनके पास आया और कहा, ''तुम्हारा चाचा (संजय गांधी) जेल में है, तुम्हारा चाचा चोर है.'' इस टिप्पणी पर प्रियंका को गुस्सा आ गया और उन्होंने लड़के को थप्पड़ मार दिया.

प्रियंका ने बताया, ''वह रोने लगा और शिक्षक के पास चला गया. इसके बाद मुझे डांट पड़ी.''

राहुल और प्रियंका के स्वभाव में स्कूल से ही था अंतर

बातचीत के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आपातकाल के बाद स्कूल में बिताए शुरुआती दिनों को भी याद किया. राहुल गांधी ने बताया कि स्कूल में दोनों भाई-बहन का स्वभाव एक-दूसरे से बिल्कुल अलग था.

उन्होंने प्रियंका को नियमों का पालन करने वाली और विनम्र बताया, जबकि खुद को विद्रोही स्वभाव का बताया. राहुल ने कहा कि वह सवाल पूछते थे और दूसरों को परेशान भी करते थे. इस पर प्रियंका ने कहा कि वह व्यवस्था के मुताबिक चलती थीं, जबकि राहुल ऐसा नहीं करते थे.

प्रियंका ने मजाकिया अंदाज में कहा कि संसद में भी आज दोनों भाई-बहन के बीच स्कूल के दिनों जैसा ही अंतर नजर आता है.

राहुल ने बताया, स्कूल में कोई उनके पास नहीं बैठता था

राहुल गांधी ने भी आपातकाल के बाद स्कूल लौटने के दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि उस समय स्कूल में कोई भी उनके बगल में बैठना पसंद नहीं करता था.

राहुल ने कहा कि अपने सातवें जन्मदिन पर उनके दोस्तों में से केवल एक दोस्त ही उनसे मिलने आया था. खास बात यह है कि वह दोस्त आज भी उनके साथ है.

सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन के बाद सामने आया वीडियो

यह बातचीत सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन के कुछ दिन बाद सामने आई है. वीडियो में सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी अपने परिवार से जुड़ी यादें साझा करते नजर आ रहे हैं. इसमें तीनों ने अपने जीवन के सुखद और मुश्किल दौर के कई अनुभवों को याद किया.

ये भी पढ़ें: शाहबानो केस में राजीव गांधी के फैसले को सोनिया ने बताया सही, लिखा- मुस्लिम पर्सनल लॉ और स्त्री अधिकारों को बचाया