समाचार · मध्य प्रदेश
धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर यादव समाज नाराज:जबलपुर में FIR के लिए शिकायत, कथाओं के बहिष्कार का ऐलान
29 अक्टूबर को शिवपुरी के करैरा में कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को जबलपुर में राष्ट्रीय यादव महासभा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस को शिकायत दी और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। महासभा ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। साथ ही यादव समाज ने धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं के बहिष्कार का ऐलान किया है। दरअसल, करैरा में कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप और उनके खड़े होने की मुद्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि उनके ठाकुरजी तीन जगह से टेढ़े हैं, जबकि उनके आराध्य सीधे खड़े होते हैं। इस बयान के बाद यादव समाज के लोगों ने नाराजगी जताई है। राष्ट्रीय यादव महासभा के प्रतिनिधियों ने गुरुवार दोपहर सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि लोकप्रियता के चलते शास्त्री सनातन आस्था के केंद्र भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप और लीलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू परंपरा में भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम को एक ही शक्ति के स्वरूप माना जाता है। ऐसे में एक अवतार की दूसरे से तुलना कर समाज में भ्रम फैलाना उचित नहीं है। महासभा के शिव यादव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से देशभर में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त आहत हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सनातन एकता की बात करने वाले लोग समाज को जोड़ने के बजाय तोड़ने का काम क्यों कर रहे हैं। महासभा ने कहा कि यदि शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। साथ ही समाज के लोगों को उनकी कथाओं में जाने से रोकने के लिए जागरूक किया जाएगा।