समाचार · मध्य प्रदेश
कबूतरों की बीट से इंदौर की गांधी प्रतिमा बदहाल:69 साल पुरानी प्रतिमा पर जमा गंदगी, दिनभर जमावड़ा, बापू की प्रतिमा की सुध नहीं
इंदौर के रीगल तिराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा दीपोत्सव के बीच बदहाल स्थिति में नजर आ रही है। शहर की व्यस्त सड़कों और भागदौड़ के बीच इस प्रतिमा पर कबूतरों की बीट और गंदगी जमा है। यहां सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में कबूतरों का जमावड़ा रहता है। वे प्रतिमा के सिर, कंधों और आसपास बैठते हैं। वर्षों से यहां कबूतरों का जमावड़ा लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा है, लेकिन अब उनकी लगातार मौजूदगी प्रतिमा की सुंदरता और गरिमा को प्रभावित कर रही है। वर्तमान में प्रतिमा के सिर से लेकर कंधों, शरीर और चरणों तक बीट के निशान दिखाई दे रहे हैं। ऊपरी हिस्सा विशेष रूप से गंदा है। नगर निगम की ओर से आसपास नियमित सफाई की जाती है, लेकिन प्रतिमा पर लगातार जमा हो रही गंदगी के कारण उसका मूल स्वरूप भी प्रभावित हो रहा है। 1956 में स्थापित हुई थी प्रतिमा, 69 साल से रीगल तिराहे की पहचान रीगल तिराहे पर लगी गांधीजी की यह खड़ी प्रतिमा करीब 69 साल पुरानी है। इसकी स्थापना वर्ष 1956 में हुई थी। यह वही साल था, जब महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवायएच) की शुरुआत हुई और इंदौर नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा मिला था। इसी वर्ष रीगल तिराहे पर गांधीजी की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। समय के साथ शहर का स्वरूप बदलता गया और रीगल तिराहा प्रमुख चौराहों में शामिल हो गया। यहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से भी यह महत्वपूर्ण स्थान है। गांधी जयंती और पुण्यतिथि पर राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि यहां पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हैं। प्रतिमा बदलने की योजना भी बन चुकी है प्रतिमा की खराब स्थिति का मुद्दा पहले भी सामने आ चुका है। फरवरी 2025 में प्रतिमा में दरारें आने और उसके पुराने स्वरूप को देखते हुए नगर निगम ने इसे बदलने की तैयारी की थी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रीगल तिराहे की गांधी प्रतिमा और सरदार पटेल की प्रतिमा बदलने के प्रस्ताव की जानकारी दी थी। नई प्रतिमाओं के स्वरूप को लेकर गांधीवादी विचारकों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा करने की बात भी कही गई थी। कबूतरों का जमावड़ा आकर्षण भी, सफाई की चुनौती भी प्रतिमा परिसर में कबूतरों की मौजूदगी लंबे समय से है। सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में कबूतर यहां दिखाई देते हैं। कई लोग इस दृश्य को पसंद करते हैं और कुछ देर रुककर इसे देखते हैं। पक्षी प्रेमी भी यहां कबूतरों को दाना डालने आते हैं। लेकिन लगातार बैठने के कारण प्रतिमा पर बीट जमा होना अब सफाई के लिए चुनौती बन गया है। प्रतिमा की ऊंचाई और कबूतरों की लगातार मौजूदगी के चलते केवल आसपास की सड़क और चौराहे की सफाई से समस्या हल नहीं होगी। इसके लिए प्रतिमा की विशेष सफाई और नियमित रखरखाव की जरूरत है। सफाई के साथ प्रतिमा के संरक्षण की भी जरूरत करीब सात दशक पुरानी इस प्रतिमा का ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व है। नगर निगम को इसकी विशेष सफाई के साथ नियमित अंतराल पर धुलाई और रखरखाव की व्यवस्था करनी होगी। साथ ही कबूतरों की बीट से प्रतिमा को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए भी उचित उपाय तलाशने होंगे। जिस शहर में स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाए जाते हैं, वहां राष्ट्रपिता की प्रतिमा का इस तरह गंदगी से ढका होना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। गांधीजी की प्रतिमा केवल चौराहे की सजावट नहीं, बल्कि शहर की ऐतिहासिक पहचान और सार्वजनिक सम्मान का प्रतीक भी है।