समाचार · मध्य प्रदेश
धनतेरस पर अनूपपुर जिले के बाजारों में खरीदारी:छह शहरों में सोने-चांदी, वाहन की बिक्री; अमरकंटक में पर्यटकों ने खरीदी पूजन सामग्री
धनतेरस पर शुक्रवार को अनूपपुर जिले के बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ रही। अनूपपुर, कोतमा, बिजुरी, अमरकंटक, जैतहरी और राजेंद्रग्राम में सुबह से देर रात तक दुकानें गुलजार रहीं। लोगों ने सोने-चांदी के सिक्के, आभूषण, बर्तन, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान खरीदा। जिला मुख्यालय अनूपपुर और जैतहरी के सराफा व बर्तन बाजारों में लोगों ने सोने-चांदी के सिक्के, आभूषण और पीतल के बर्तन खरीदे। कोतमा और बिजुरी में भी दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। वाहनों की डिलीवरी के लिए लगी कतारें ऑटोमोबाइल शोरूम में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिलीवरी के लिए कतारें लगीं। इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भी ग्राहक पहुंचे। अमरकंटक में स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने पूजा के लिए तांबे के कलश और धार्मिक सामग्री खरीदी। राजेंद्रग्राम के हाट-बाजारों में झाड़ू, मिट्टी के दीये और पीतल के बर्तन बिके। अमरकंटक में धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हुई। यहां बाजारों में सुबह से खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही रही। रामघाट स्थित साप्ताहिक बाजार में पटाखों की चार दुकानें भी सजाई गईं। सुरक्षा के लिए नगर परिषद ने अग्निशमन यंत्र उपलब्ध कराया। प्रदोष काल में हुई पूजा और दीपदान राम जानकी मंदिर के पुजारी पं. नरेंद्र तिवारी के अनुसार, शाम 5:33 से रात 8:09 बजे तक प्रदोष काल में भगवान कुबेर, माता लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की पूजा की जा रही है। लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना के साथ घरों और दुकानों के मुख्य द्वार पर यमराज के लिए दीपदान भी किया। धनतेरस पर लोगों ने झाड़ू, नमक, कौड़ी, खड़ा धनिया और हल्दी की गांठ सहित पूजन से जुड़ी वस्तुएं भी खरीदीं। कई परिवारों ने सोने-चांदी के आभूषण और सिक्के लेकर त्योहार की परंपरा निभाई। बाजारों में घरों की सजावट, दीप और पूजन सामग्री की दुकानें भी सजी रहीं। दुकानदारों को दीपोत्सव के दौरान अच्छे कारोबार की उम्मीद है।