Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल में पुलिसकर्मियों की ओर पिस्टल तानकर फायरिंग की कोशिश:तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा; तलाशी में एक युवक से मिला पिस्टलनुमा लाइटर

INT News7 November 2026 at 06:55 am

करनाल के घोघड़ीपुर-मुनक रोड पर दाहा-बजीदा मोड़ के पास वीवीआईपी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की ओर बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्टल तानकर फायरिंग करने की कोशिश की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवकों ने दो से तीन राउंड फायर करने जैसी हरकत की, जिससे ठांय-ठांय की आवाज सुनाई दी। इसके बाद तीनों बाइक लेकर मुनक की तरफ भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक युवक की जेब से पिस्टलनुमा लाइटर मिला। पुलिस ने तीनों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों को भयभीत करने के आरोप में केस दर्ज किया है। वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान सामने आए तीन युवक

पुलिस को दी शिकायत में एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि 5 नवंबर को वह अपनी टीम के साथ वीवीआईपी ड्यूटी के लिए दाहा-बजीदा मोड़ पर तैनात थे। दोपहर करीब 1:30 बजे करनाल की तरफ से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। बाइक पर सबसे पीछे बैठे युवक ने हाथ में पकड़े पिस्टल से पुलिसकर्मियों की तरफ दो-तीन राउंड फायर करने जैसी हरकत की। इस दौरान ठांय-ठांय की आवाज आई और तीनों मुनक की तरफ भाग गए। पीछा कर पकड़े, एक के पास मिला लाइटर

शिकायतकर्ता के अनुसार, दो सिपाहियों ने बाइक से तीनों युवकों का पीछा किया। आगे नाके पर उन्हें रोककर नाम-पता पूछा गया। बाइक पर चालक ने अपना नाम केशव पुत्र संदीप, बीच में बैठे युवक ने प्रशांत पुत्र रमेश और पीछे बैठे युवक ने दीपांशु पुत्र सोनू बताया। तीनों गांव बीजणा, थाना सदर करनाल के रहने वाले हैं। तलाशी लेने पर दीपांशु की जींस की दाहिनी जेब से पिस्टलनुमा लाइटर बरामद हुआ। एसआई लछमन को सौंपी गई जांच

शिकायत में कहा गया कि युवकों ने पुलिसकर्मियों को भयभीत कर उनकी सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली। शिकायत पर जिला पुलिस कार्यालय करनाल ने कार्रवाई की मांग की। थाना मधुबन में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई लछमन सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 और 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।