समाचार · पंजाब
लुधियाना में कार में मिला कारोबारी के शव का मामला:सुबह से लापता था, गोली चलने की दिशा पर जांच कर रही पुलिस
लुधियाना में शुक्रवार को 28 वर्षीय हौजरी कारोबारी का शव BMW कार में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिशी नगर निवासी पुलकित पोपली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पुलकित ने अपनी लाइसेंसी .45 बोर पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। उनका और उनके परिवार का बहादुरके इलाके में हौजरी फैक्ट्री का कारोबार है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह से पुलकित घर से लापता थे। उनसे संपर्क नहीं होने पर उनके पिता ने थाना सलेम टाबरी में उनकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवाई थी। दोपहर के समय मलकपुर के पास साउथ सिटी-लाडोवाल बाईपास पर गश्त कर रही PCR टीम ने एक BMW कार खड़ी देखी। पुलिस ने जांच की तो पुलकित कार की आगे वाली पैसेंजर सीट (कंडक्टर) पर मृत अवस्था में मिले। पुलिस अब जांच कर रही है कि गोली किस दिशा से चली है। घटना की सूचना मिलने पर थाना PAU की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके अलावा DCP (सिटी) आलम विजय सिंह, ADCP-III धरावथ साई प्रकाश और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने कारोबारी की लाइसेंसी पिस्टल भी कब्जे में ले ली है। पुलकित के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। शव का आज पोस्टमार्टम आज करवा दिया जाएगा। पोस्टमार्टम में खुलासा होगी कि गोली किस दिशा में चली है क्योंकि गोली चलने के बाद दाईं तरफ का (कंडक्टर) साइड का शीशा टूटा है। अब ये गोली उसने खुद मारी है या किसी ने चलाई है इस पर जांच टिकी है। अभी तक की जांच में पुलकित खुद ही अकेला गाड़ी में बैठा अलग-अलग सीसीटीवी कैमरों में देखा गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है। पुलिस घटनास्थल के साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।