Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ में दिवाली पर मौसम रहेगा साफ:3 दिन सुबह-शाम कोहरे के आसार, पारे में 0.2 डिग्री की गिरावट; 11 नवंबर के बाद बारिश संभव

INT News7 November 2026 at 06:23 am

पंजाब और चंडीगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन में तेज धूप निकल रही है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। आज 7 नवंबर को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। दिवाली पर 8 नवंबर को भी आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान अब सामान्य के आसपास बना हुआ है। 6 नवंबर को बठिंडा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल चुका है। अब नया पश्चिमी विक्षोभ 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। पंजाब में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। अगले 3 दिन सुबह-रात छा सकता है कोहरा मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक पंजाब में कुछ स्थानों पर रात और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम ठंड का अहसास बना रहेगा। इस सप्ताह रातें रहेंगी ठंडी इस सप्ताह पंजाब में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। पूर्वी जिलों पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, रूपनगर और लुधियाना के साथ उत्तरी जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और नवांशहर में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं, बाकी जिलों में दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री तक रहने का अनुमान है। पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से ऊपर रह सकता है। रात के तापमान की बात करें तो उत्तरी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री और बाकी जिलों में 12 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है। ऐसे में रातें ठंडी रहेंगी।