समाचार · पंजाब
दिवाली की रात झोपड़ी में सो रहे 5 साल के बच्चे के पेट में लगी गोली, सिविल में भर्ती
गिल रोड स्थित दाना मंडी में दिवाली की रात झोपड़ी में सो रहे पांच साल के बच्चे के पेट में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। घायल बच्चे की पहचान कृष्णा (5) के रूप में हुई है। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बच्चे की मां दीपा ने बताया कि घटना के समय कृष्णा अपने भाई-बहनों के साथ झोपड़ी में बिस्तर पर लेटा हुआ था, जबकि वह बाहर खाना बना रही थी और बच्चों का पिता पास ही बैठा था। इसी दौरान कृष्णा के रोने की आवाज सुनकर वह अंदर पहुंची तो उसके पेट में गोली लगी हुई थी। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने बच्चे के पेट से गोली निकालने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होने लगा। इसके बाद वे उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले गए। दीपा ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि गोली किसने और कहां से चलाई। घटना के बाद उन्होंने आसपास भी देखा, लेकिन कोई नजर नहीं आया। बच्चे का उपचार कर रहे डॉक्टर शिवम के अनुसार उसके पेट के बाईं तरफ गोली लगने जैसा घाव है। परिजन अस्पताल पहुंचते समय एक गोली भी साथ लेकर आए थे। सर्जरी और बाल रोग विशेषज्ञों की टीम बच्चे की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में गोली लगने की आशंका है। विस्तृत जांच के बाद ही चोट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।