समाचार · उत्तराखंड
दीवाली पार्टी में गए 10वीं के छात्र को दोस्तों ने मार डाला, सड़क पर फेंका शव; झगड़े की बात आई सामने

देहरादून में दीवाली पार्टी के बाद हुए विवाद में 15 वर्षीय छात्र अर्श अंसारी की जान चली गई। वह दून ब्लॉसम स्कूल में 10वीं का छात्र था। परिजनों ने उसके दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शुरुआती जांच में देर रात अर्श और उसके दोस्तों का दूसरे गुट से विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ रही है।दोस्त के घर दीवाली पार्टी में गया था अर्शघटना रविवार तड़के करीब तीन बजे सूरी चौक के पास की है। केवल विहार निवासी नदीम अंसारी का आरोप है कि उनका बेटा अर्श रविवार को दीवाली मनाने के लिए नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में अपने एक दोस्त के घर गया था। देर रात वह दोस्तों के साथ कार से निकला था। इसके बाद उसका शव सूरी चौक के पास सड़क पर मिला।परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने अर्श के साथ बेरहमी से मारपीट की। उन्होंने एक वाहन से टक्कर मारने का आरोप भी लगाया है। परिजनों के मुताबिक, जब उन्होंने रात में फोन किया तो दोस्त ने बताया कि अर्श सुबह घर लौट आएगा। बाद में मोर्चरी में शव देखने पर उसके शरीर पर चोट और चाकू के वार के निशान मिले।दूसरे गुट से झगड़े के बाद कार की चपेट में आया अर्शपुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि देर रात अर्श और उसके दोस्तों का दूसरे गुट के युवकों से झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद अर्श और उसके साथी वहां से निकलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने सूरी चौक और बंजारावाला चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में कुछ युवक कार से उतरते और चढ़ते दिखाई दे रहे हैं। एक फुटेज में अर्श के कार की चपेट में आने की बात भी सामने आई है।एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हत्या जैसी बात सामने नहीं आई है। देर रात झगड़े और कार की चपेट में आने से जुड़े घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है।इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातमअर्श अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे के घर लौटने का इंतजार कर रही मां की आंखें अब भी नम हैं। दादी भी पोते को याद कर बदहवास हैं। अर्श के चाचा अजीम ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।