Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ऐसी लापरवाही- विधायक ने हाथ में जलाई पटाखा लड़:मंत्री बोले-खूब फोड़ो, आसमान नहीं टूट पड़ेगा; दीवाली की राम-राम के बहाने नरोत्तम ने दिखाया दम

INT News10 November 2026 at 05:59 am

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। 'बात खरी है' मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से एप पर मिलेगा। रील के चक्कर में विधायक ने ले ली रिस्क

नीमच से भाजपा विधायक दिलीप सिंह परिहार का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे पटाखों की जलती हुई लड़ को हाथ से पकड़कर इधर-उधर घुमाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद जलती हुई लड़ को फेंकते भी दिखे। यानी पटाखे जलाने के जोश में सुरक्षा के सारे नियम ताक पर रख दिए। अब विधायक के इस स्टंट पर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। तंज कस रहे हैं। कह रहे हैं कि विधायक जी तो दिवाली के जोश में खतरों के खिलाड़ी बन गए। खरी बात ये है कि रील के चक्कर में ऐसा जोखिम लेने की जरूरत ही क्या है? अगर कोई हादसा हो जाता, तो उसका जिम्मेदार कौन होता? आखिर आप जनप्रतिनिधि हैं। लोग आपको देखते हैं, आपसे सीखते हैं। ऐसे में आपकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इससे पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी लोगों को दिवाली पर जमकर पटाखे फोड़ने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि दो-तीन दिन में ऐसा कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा। विजयवर्गीय ने ईको-फ्रेंडली दिवाली मनाने को लेकर पूछे गए सवाल पर यह बात कही थी। अब लोग यह भी कह रहे हैं कि लगता है विधायक जी ने मंत्री विजयवर्गीय की सलाह को हाथोंहाथ ले लिया। तभी तो पटाखे फोड़ने के जोश में ऐसा स्टंट कर बैठे कि सुरक्षा का होश ही नहीं रहा। दतिया के दादा नरोत्तम ने फिर दिखाया दम

दतिया के दादा यानी पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा एक बार फिर समर्थकों के हुजूम के साथ जनता के बीच नजर आए। मौका था दिवाली की राम-राम करने का। सड़कों पर समर्थकों की नारेबाजी और लोगों से मेल-मुलाकात के बीच नरोत्तम का अंदाज किसी शक्ति प्रदर्शन से कम नहीं दिखा। वैसे, अभी कोई चुनाव नहीं है, लेकिन सियासत में चुनाव की आहट कब सुनाई देने लगे, कहा नहीं जा सकता। दतिया में इसकी संभावना भी बन सकती है। दरअसल, कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह के खिलाफ चुनाव याचिका कोर्ट में लगी है। आरोप है कि उन्होंने एक मामला छिपाया था। ऐसे में अगर चुनाव की नौबत आती है, तो तैयारी तो रखनी ही पड़ेगी। इसलिए कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह और उनके सामने चुनाव लड़े भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी बाजार में नजर आए। वैसे, नेताओं के लिए चुनावी मोड कोई मौसमी चीज तो है नहीं। मौका हो या न हो, तैयारी हमेशा जारी रहती है। रीवा और ग्वालियर-चंबल के लोगों की तुलना

मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने रीवा और ग्वालियर-चंबल के लोगों की पसंद को लेकर ऐसी तुलना कर दी कि अब उनकी बात चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने हंसी-ठिठौली में कहा कि रीवा के लोगों के पास पैसा आता है तो वे सबसे पहले गाड़ी खरीदते हैं। राजेंद्र शुक्ल खुद रीवा से आते हैं, इसलिए अपने शहर के लोगों की पसंद से अच्छी तरह वाकिफ भी हैं। लेकिन जब बात ग्वालियर-चंबल संभाग की आई, तो उन्होंने वहां के लोगों की अलग ही खासियत बता दी। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि ग्वालियर-चंबल के लोगों के पास पैसा आता है तो वे सबसे पहले बंदूक खरीदते हैं। यानी रीवा में पैसा आते ही गाड़ी का शौक जागता है, तो ग्वालियर-चंबल में बंदूक का। डिप्टी सीएम ने यह बात भले ही हंसी-मजाक में कही हो, लेकिन उनकी यह तुलना अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। वैसे, इसे प्रदेश में लगातार बढ़ रही गाड़ियों की संख्या और सड़कों की हालत को लेकर उनकी चिंता के तौर पर भी देखा जा सकता है। गाड़ियां तो लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सड़कें अब भी उस रफ्तार से तैयार नहीं हो पा रही हैं। और अब अंदर की बात.. पीए की छुट्‌टी, मंत्री के बंगले के काट रहा चक्कर

एक मंत्री ने अपने पीए को विवादों में आने के बाद हटा दिया और उसे उसके मूल विभाग में भेज दिया। लेकिन पीए महोदय ने अब तक विभाग में जॉइनिंग नहीं की है। सुना है कि पीए अब भी मंत्री के बंगले के चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें मंत्री के बंगले पर भी देखा गया है। पीए को उम्मीद है कि मंत्री जी एक बार फिर उन्हें अपने साथ रख लेंगे। सुना तो यह भी है कि पीए महोदय अब भी खुद को मंत्री से जुड़ा हुआ बता रहे हैं। उन्होंने मंत्री के स्टाफ में होने का हवाला देकर लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं भी और शुभकामनाएं लीं भी। बता दें कि ये वही पीए हैं, जिन्हें इससे पहले भी एक मंत्री अपने यहां से हटा चुके हैं। अब देखना यह है कि मंत्री से दोबारा जुड़ने की उनकी हसरत पूरी होती है या उन्हें अपने मूल विभाग में ही वापसी करनी पड़ती है। इनपुट सहयोग - राधावल्लभ मिश्रा (दतिया), अभिलाष मिश्रा (रीवा) ये भी पढ़ें -

दीपावली पर 'झूम बराबर झूम शराबी': सीएम की रामधुन, गायक से रामभजन की फरमाइश दीपावली पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 'झूम बराबर झूम शराबी' का तराना छेड़ दिया। विजयवर्गीय इंदौर के एक वृद्धाश्रम में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के बीच दीपावली मनाने पहुंचे थे। यहां उन्होंने उनके साथ अंताक्षरी भी खेली। इस दौरान ऐसा अक्षर आया कि मंत्री जी को 'शराबी' वाला गाना गाना पड़ा। पूरी खबर पढ़ें