समाचार · हरियाणा
GRAP को लेकर सोनीपत पुलिस अलर्ट:4 दिन में 1444 चालान काटे; 59 वाहन इंपाउंड, दिल्ली सीमा पर दिन-रात नाकाबंदी
दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सोनीपत पुलिस ने CAQM और GRAP के तहत जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। दिल्ली सीमा सहित प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर दिन-रात नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। अभियान के शुरुआती चार दिनों में पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के 1,444 चालान किए हैं, जबकि 59 वाहनों को इंपाउंड किया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें शिफ्टों में तैनात रहकर प्रदूषण फैलाने वाले और प्रतिबंधित वाहनों पर नजर रख रही हैं। चार दिन में 1444 चालान, 59 वाहन इंपाउंड पुलिस आयुक्त ममता सिंह IPS, ADGP के दिशा-निर्देशानुसार 1 नवंबर से CAQM, GRAP Stage-I और Winter Action Plan 2026-27 के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात सोनाक्षी सिंह IPS ने संबंधित थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस अधिकारियों को दिल्ली सीमा पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और प्रतिबंधों की सख्ती से पालना करवाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत 1 नवंबर को 543 चालान कर 41 वाहन इंपाउंड किए गए। 2 नवंबर को 265 चालान और 8 वाहन इंपाउंड, 3 नवंबर को 316 चालान और 4 वाहन इंपाउंड तथा 4 नवंबर को 320 चालान कर 6 वाहन इंपाउंड किए गए। दिल्ली सीमा सहित प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी जिले से दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर पुलिस ने नाकाबंदी की है। यहां अलग-अलग शिफ्टों में पुलिसकर्मियों की दिन-रात ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस टीमें वाहनों की जांच के साथ अपराध नियंत्रण और प्रदूषण से जुड़े नियमों की पालना भी सुनिश्चित कर रही हैं। चेकिंग के दौरान यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वाहनों की जांच के कारण जाम की स्थिति न बने। PUC और धुआं छोड़ने वाले वाहनों पर नजर नाकों पर वाहनों के वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC) की जांच की जा रही है। बिना वैध प्रमाण पत्र के चलने वाले और निर्धारित मानकों से अधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा निर्धारित समय-सीमा पूरी कर चुके ओवरएज डीजल और पेट्रोल वाहनों सहित अन्य प्रतिबंधित वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर ऐसे वाहनों को इंपाउंड किया जा रहा है। दिल्ली नहीं जाने वाले वाहनों को KMP-KGP से भेज रहे सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और संबंधित प्राधिकरणों के निर्देशों के अनुसार दिल्ली नहीं जाने वाले (Non-Destined) वाहनों को KMP और KGP के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों और अंतरराज्यीय बसों के दिल्ली-NCR में प्रवेश पर लागू प्रतिबंधों की भी जांच की जा रही है। इसमें छूट प्राप्त इलेक्ट्रिक वाहन (EV), CNG और BS-VI डीजल वाहनों से जुड़े प्रावधानों का ध्यान रखा जा रहा है। पटाखों के अवैध परिवहन पर भी निगरानी दीपावली के मद्देनजर पुलिस पटाखों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए भी निगरानी कर रही है। संबंधित न्यायालयों और प्राधिकरणों के आदेशों की पालना सुनिश्चित करवाई जा रही है। इसके अलावा वाहन चालकों को GRAP के तहत लागू प्रतिबंधों और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नियमों का पालन करने की अपील सोनीपत पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें। निर्धारित रोड और लेन का ही इस्तेमाल करें तथा अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें। नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें और अपने वाहनों के PUC सहित सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखें। पुलिस ने आमजन से वायु प्रदूषण रोकने में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि CAQM, GRAP और Winter Action Plan के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।