Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

कर्ज और शराब की लत ने उजाड़ा परिवार, शाहजहांपुर में पति ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, 11 साल की बेटी अस्पताल में जिंदगी-मौत से जूझ रही

INT News10 November 2026 at 01:53 pm

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में कर्ज और शराब की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया. जहां रोजा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक कारोबारी पति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी 40 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी, जबकि 11 साल की मासूम बेटी को भी जान से मारने की कोशिश की. पिता का खौफनाक रूप देखकर 16 वर्षीय बड़ी बेटी ने कमरे में बंद होकर अपनी जान बचाई और चाचा को फोन कर मदद मांगी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां और दोनों बेटियों को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल छोटी बेटी आईसीयू में भर्ती है.

घर में ही मिला आरोपी

वारदात सोमवार रात करीब एक बजे रोजा थाना क्षेत्र में हुई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कमलेश कहीं भागा नहीं, बल्कि घर पर ही मौजूद रहा. पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया. शुरुआती जांच में घटना के पीछे कर्ज और शराब के नशे को वजह माना जा रहा है.

कारोबार में नुकसान और कर्ज से था परेशान

पुलिस के अनुसार कमलेश अपनी पत्नी सीमा (40) और दो बेटियों कोमल उर्फ अनन्या (16) तथा अंजली (11) के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर रहता था. परिवार के अन्य सदस्य और उसके पिता नीचे रहते थे. कमलेश की पास में ही इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है. बताया जा रहा है कि वह कारोबार की परेशानियों और लाखों रुपये के कर्ज को लेकर तनाव में था.

विवाद के बाद परिवार पर किया हमला

सोमवार रात करीब 12:30 बजे किसी बात को लेकर कमलेश और सीमा के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. उसने सीमा को नीचे गिराकर उसका गला दबा दिया. मां को बचाने के लिए पहुंची 11 वर्षीय अंजली पर भी उसने हमला कर दिया और उसका गला दबाने लगा.

बड़ी बेटी ने कमरे में छिपकर बचाई जान

घर में हो रही मारपीट और मां की चीख-पुकार सुनकर 16 वर्षीय कोमल दहशत में आ गई. पिता को हमलावर होते देख उसने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया. इसके बाद कमरे से ही अपने चाचा को फोन कर पूरी घटना बताई. चाचा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल भिजवाया. मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने सीमा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंजली की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया.

पिता ने कहा, कभी विवाद की जानकारी नहीं मिली

आरोपी के पिता रमेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि उनका परिवार मकान के निचले हिस्से में रहता है, जबकि कमलेश पत्नी और बच्चों के साथ ऊपर रहता था. उनके मुताबिक बेटे और बहू के बीच पहले कभी कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया. परिवार को भी अंदाजा नहीं था कि दोनों के बीच ऐसी कोई बात चल रही है, जिसके चलते इतनी बड़ी घटना हो जाएगी.

शाम तक सामान्य थी बहन से बातचीत

मृतका सीमा के भाई अशोक ने बताया कि सोमवार शाम उनकी बहन से फोन पर बातचीत हुई थी. उस दौरान उसने किसी तरह के झगड़े या परेशानी का जिक्र नहीं किया था. बातचीत से भी ऐसा नहीं लगा कि वह किसी तनाव में है. मंगलवार सुबह अस्पताल पहुंचने के लिए फोन आया. इसके बाद बड़ी भांजी से बात हुई तो उसने बताया कि पिता ने मां की हत्या कर दी है.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में था. उसने पत्नी की गला दबाकर हत्या की और 11 वर्षीय बेटी को भी गला घोंटकर मारने का प्रयास किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Also Read: UP News: त्योहारों की खरीदारी के बाद क्रेडिट कार्ड का बिल बना मुसीबत? मिनिमम ड्यू और नो-कॉस्ट EMI से बचें, जानें कर्ज चुकाने का आसान तरीका