समाचार · मध्य प्रदेश
6वें दिन दादागुरु की नर्मदा परिक्रमा बलगांव पहुंची:सत्संग में बोले- मैया नदी नहीं, जीवंत शक्ति, जिनके दर्शन मात्र से कल्याण होता
खरगोन जिले में कार्तिक पूर्णिमा पर ओंकारेश्वर से शुरू हुई निराहार संत दादागुरु की पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा रविवार देर शाम बलगांव पहुंची। छह दिनों से चल रही इस यात्रा में करीब 4 हजार परिक्रमावासी शामिल हैं। रात में रुकने से पहले हुए सत्संग में दादागुरु ने नर्मदा की महिमा, सनातन धर्म और परिक्रमा की आध्यात्मिक ताकत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि धरती पर मां नर्मदा ही एक ऐसी शक्ति हैं, जिनके दर्शन मात्र से जीव का कल्याण हो जाता है। परिक्रमा सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि जीवनभर चलने वाली साधना है और इसके रास्ते पर कदम-कदम पर करोड़ों तीर्थों का वास है। उन्होंने कहा कि परिवार का एक भी सदस्य परिक्रमा कर ले, तो यह पूरे कुल के उद्धार का जरिया बनती है। सत्संग में उमड़ी भीड़, बड़वानी की ओर बढ़ेगी यात्रा दादागुरु ने परिक्रमावासियों की सेवा करने को सहस्त्रकोठी यज्ञ के बराबर पुण्य बताया। रात के सत्संग में मौनी बापू समेत हजारों भक्त शामिल हुए और नर्मदा परिक्रमावासी भक्ति गीतों पर झूमने लगे। सोमवार सुबह यह यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना होकर बड़वानी जिले में पहुंचेगी।