समाचार · मध्य प्रदेश
चोरी हुई बुलेट गुना से खुद खोज लाया मालिक:बोला- FIR के बाद भी पुलिस ने कुछ नहीं किया, 2 नवंबर को शिवपुरी से हुई थी चोरी
शिवपुरी के बांसखेड़ी में 2 नवंबर को घर के बाहर से चोरी हुई बुलेट बाइक को मालिक रंजीत सिंह भुल्लर ने खुद खोज लिया। वह गुरुवार को साथियों के साथ गुना पहुंचे। बाइक तलाश कर शिवपुरी ले आए। रंजीत सिंह का आरोप है कि FIR दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने बाइक खोजने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। रंजीत ने बताया कि बाइक चोरी कर ले जाने वाला व्यक्ति CCTV कैमरे में कैद हुआ था। देहात थाना पुलिस ने उनकी शिकायत पर FIR दर्ज की थी। उन्होंने पुलिस को गुना जिले में बाइक होने और कुछ लोगों के चोरी में शामिल होने की आशंका भी बताई थी। SP को शिकायत के बाद खुद तलाशने निकले कार्रवाई नहीं होने पर रंजीत सिंह 4 नवंबर को सिख समाज के लोगों के साथ SP कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने SP को ज्ञापन देकर बाइक खोजने की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने सिख समाज के लोगों से जानकारी जुटाई। बाइक गुना में होने का पता चलने पर गुरुवार को वह साथियों के साथ गुना पहुंचे। तलाश के बाद उन्हें बाइक मिल गई। वे उसे शिवपुरी ले आए। रंजीत सिंह का कहना है कि उन्होंने पुलिस को बाइक की जगह और संदिग्धों के बारे में पहले ही बता दिया था। पुलिस को इस जानकारी के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए थी।