समाचार · मध्य प्रदेश
मऊगंज-देवतालाब में दुकानों से खाद्य सैंपल लिए:12 से ज्यादा दुकानों की जांच; खराब मिठाई और तेल नष्ट, मंगलम स्वीट्स को नोटिस
दीपावली से पहले मऊगंज और देवतालाब में खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार और गुरुवार को दुकानों की जांच की। टीम ने 12 से ज्यादा दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। खराब मिठाई और तेल नष्ट कराया गया। कलेक्टर मऊगंज के निर्देश पर राजस्व और खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने बाजार के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने खोवा, पनीर, पेड़ा, लड्डू, रसगुल्ला, सोनपापड़ी और नमकीन के सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। देवतालाब के शिव भोले मिष्ठान भंडार से करीब 8 किलो खराब मिठाई नष्ट कराई गई। मऊगंज के शुभम श्री मिष्ठान भंडार में निर्माण स्थल पर गंदगी मिलने के बाद करीब 8 लीटर खराब तेल नष्ट कराया गया। मंगलम स्वीट्स को नोटिस भी जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने कहा कि मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद अमानक पाए जाने वाले मामलों में न्यायालय में चालान पेश कर कार्रवाई की जाएगी।