समाचार · झारखंड
स्वच्छ सर्वेक्षण में जमशेदपुर का राष्ट्रीय स्तर पर बजा डंका, 11 नवंबर को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

जमशेदपुर : स्वच्छता के क्षेत्र में जमशेदपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दर्ज करायी है. स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत आयोजित ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में झारखंड की इस्पात नगरी को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है. इस उपलब्धि के साथ जमशेदपुर झारखंड का एकमात्र चयनित शहर बनकर उभरा है. 11 नवंबर को नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शहर को पुरस्कृत करेंगी. खास बात यह है कि इसी दिन देशभर के शहरों की स्वच्छता रैंकिंग भी जारी की जायेगी.
विज्ञान भवन में शाम चार बजे होगा सम्मान समारोह
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कारों का 10वां राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया जा रहा है. समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी. 11 नवंबर को शाम चार बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति के हाथों जमशेदपुर के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जायेगा. समारोह में झारखंड की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव, सूडा के निदेशक और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के नगर आयुक्त शामिल होंगे. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल और आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.
रैंकिंग और पुरस्कार की श्रेणी पर टिकी निगाहें
फिलहाल जमशेदपुर को किस श्रेणी में और किस स्थान के लिए पुरस्कार मिलेगा, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है. हालांकि, राष्ट्रीय सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए शहर के प्रशासनिक और प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली आमंत्रित किया गया है. 11 नवंबर को पुरस्कारों के साथ ही देशभर के शहरों की अंतिम स्वच्छता रैंकिंग सार्वजनिक होगी. ऐसे में जमशेदपुर की उपलब्धि और राष्ट्रीय स्तर पर उसकी स्थिति को लेकर शहरवासियों की निगाहें टिकी हैं.
नागरिकों, स्वच्छता मित्रों और संस्थाओं की मेहनत का परिणाम
जमशेदपुर को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किये गये सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है. इसमें शहरवासियों की भागीदारी, जमशेदपुर अक्षेस की पहल, टाटा स्टील यूआइएसएल (पूर्व में जुस्को) की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था और सफाई कार्यों में जुटे स्वच्छता मित्रों की भूमिका अहम रही है. घरों से कचरे का संग्रह, कचरे का उचित निस्तारण और शहर की साफ-सफाई जैसे कार्यों में विभिन्न स्तरों पर किये गये प्रयासों ने इस उपलब्धि में योगदान दिया है. राष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाला यह सम्मान न केवल जमशेदपुर, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है.