Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

मोबाइल मांगने पर विवाद: निगम कर्मचारी को घोंपा चाकू:दिवाली की रात नवादा गांव में प्लॉट पर बैठकर पी रहे थे शराब, बीच-बचाव करने आए चचेरे भाई के हाथ पर भी लगा चाकू

INT News10 November 2026 at 07:10 am

पानीपत में दिवाली की रात मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने नगर निगम कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने कर्मचारी की कमर में चाकू घोंप दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चचेरे भाई के हाथ पर भी चाकू लग गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घायल कर्मचारी को पहले पानीपत के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामले में सनौली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। नवादा गांव निवासी प्रमोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नगर निगम में नौकरी करता है। दिवाली की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई जगमिंदर के साथ अपने प्लॉट में बैठा था। इसी दौरान गांव का आजाद वहां पहुंच गया। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। कुछ देर बाद आजाद ने प्रमोद से उसका मोबाइल फोन मांगा। प्रमोद ने अपना मोबाइल उसे दे दिया, लेकिन बाद में आजाद फोन लौटाने से मना करने लगा। आवेश में आकर घोंपा चाकू प्रमोद ने जब अपना मोबाइल वापस मांगा तो आजाद अचानक आवेश में आ गया। आरोप है कि उसने अपनी जेब से चाकू निकाला और प्रमोद की कमर में वार कर दिया। शोर सुनकर प्रमोद का चचेरा भाई विपिन मौके पर पहुंचा और दोनों को छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान विपिन के हाथ पर भी चाकू लग गया। जान से मारने की धमकी दी वारदात के बाद आरोपी आजाद चाकू लेकर मौके से फरार हो गया। जाते समय उसने जान से मारने की धमकी भी दी। परिजन घायल प्रमोद को पानीपत के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उसे करनाल रेफर कर दिया। एक चोट शार्प वेपन की मिली सूचना मिलने पर सनौली थाना पुलिस के एएसआई हाकम सिंह अस्पताल पहुंचे। करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में घायल प्रमोद के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी आजाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1) और 351(3) के तहत मुकदमा नंबर 264 दर्ज किया है। मेडिकल रिपोर्ट में प्रमोद के शरीर पर धारदार हथियार से लगी एक चोट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।