Friday, 23 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में गरबा देखने गए परिवार के घर चोरी:बेडरूम का विंडो AC उखाड़कर अलमारी से 7 लाख के जेवर-कैश ले गए चोर; CCTV में कैद हुई घटना

INT News23 October 2026 at 04:58 pm

ग्वालियर में त्योहार के माहौल के बीच शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर, नकदी सहित 7 लाख रुपए का सामान पार कर दिया। वारदात गुरुवार देर रात उस समय हुई, जब पूरा परिवार गरबा नाइट्स कार्यक्रम देखने गया हुआ था। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दो संदिग्ध युवक ताला तोड़कर अंदर घुसते और सामान समेटकर बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। चोरी का पता परिवार के कार्यक्रम से वापस लौटने पर चला। शुक्रवार सुबह फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने मामले की छानबीन की और अलमारी से कई फिंगरप्रिंट लिए। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। किराएदार का आया फोन, तो उड़े होश

बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर निवासी 20 वर्षीय जतिन मित्तल ने पुलिस को बताया कि 22 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपनी मां रीना मित्तल और बहन गौरी के साथ गरबा नाइट्स देखने गया था। घर में ताला लगा हुआ था। रात करीब 1:30 बजे पहली मंजिल पर रहने वाले किराएदार राज ठाकुर ने मां को फोन कर बताया कि नीचे के मकान का गेट खुला है और ताला सीढ़ियों पर टूटा पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार आनन-फानन में घर लौटा। विंडो एसी उखाड़ा, अलमारी से बैग गायब

जब परिवार बेडरूम में पहुंचा, तो नजारा देखकर हैरान रह गया। चोरों ने बेडरूम में लगा विंडो एसी उखाड़कर अलग फेंक दिया था और अलमारी खुली पड़ी थी। जांच करने पर अलमारी में रखा गोल्डन रंग का बैग गायब मिला। इसमें सोने की 2 चेन, 4 नाक की लौंग, 1 हथफूल, 3 अंगूठियां और 1 जोड़ी कान के टॉप्स रखे थे। इसके अलावा चांदी के जेवरात में 2 जोड़ी पायल, चांदी की चेन, पूजा की थाली, राम दरबार और राधा-कृष्ण की चांदी की परत वाली तस्वीरें शामिल थीं। चोर 100, 200 और 500 रुपए के नोटों में रखी करीब 50 हजार रुपए की नकदी भी ले गए। CCTV में दिखे 2 चोर, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद जब घर के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो दो अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर अंदर दाखिल होते और चोरी के बाद सामान लेकर भागते दिखाई दिए। फरियादी जतिन की शिकायत पर बहोड़ापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना

इस मामले में बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया, ‘एक युवक के घर चोरी की वारदात हुई है। मामला दर्ज कर लिया गया है। CCTV फुटेज में दो संदेही कैद हुए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।’