Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:झोटा हत्याकांड में CM-DGP के इस्तीफे पर अड़ा परिवार; सुपारी देकर स्टूडेंट की हत्या, जेबकतरों से भिड़ी महिला

INT News23 October 2026 at 05:56 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर विधानसभा सेशन से जुड़ी रही। SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया। CM ने कहा कि पहले लोग सरकारें चुनते थे, लेकिन अब सरकारें तय कर रही हैं कि कौन वोट डालेगा और किसकी वोट काटनी है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. विधानसभा में CEC के खिलाफ प्रस्ताव पास पंजाब विधानसभा के सेशन के दूसरे दिन स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया। ये प्रस्ताव वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने पेश किया। पंजाब SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव पेश करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इस पर CM भगवंत मान ने कहा कि पंजाब हमेशा से धक्केशाही के खिलाफ आवाज उठाने वाला राज्य रहा है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र के लिए चिंता की बात है कि पहले लोग सरकारें चुनते थे, लेकिन अब सरकारें तय कर रही हैं कि कौन वोट डालेगा और किसकी वोट काटनी है। CM ने कहा कि 14 करोड़ लोगों की वोट काट दी गई, नए वोटरों की वोट नहीं बन रही और ED-CBI चुनाव के समय विपक्ष के नेताओं के घर पहुंच जाती हैं। आज कल यह हमारे घरों में आ रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चारों पिलर डिक्टेटरशिप की जंजीरों में जकड़े हुए हैं और वोटों की यह लूट बहुत खतरनाक है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. CM बोले- कस्टम हेड CEC के भाई, बदला लिया फ्रांस से लौटते वक्त दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के रोके जाने को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पहली बार प्रतिक्रया दी है। सीएम मान ने शुक्रवार को कहा कि मुझे 2 घंटे बैठाकर रखा गया। वह बोल रहे थे कि सामान चेक करना है। सामान में से कुछ नहीं निकला। सीएम से पूछा गया कि क्या वह इसे हैरेसमेंट मानते हैं, इस पर CM मान ने कहा- दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम के हेड मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के भाई हैं। उनके सगे भाई मनीष हैं। जब कभी उनको मौका मिलता है, वह बदला ले लेते हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के पास कौन-सा सामान था और किस सामान को लेकर उन्हें रोका गया, इस बारे में आम आदमी पार्टी ने कोई जानकारी नहीं दी है। (पूरी खबर पढ़ें) 3. सुखबीर बादल ने BJP+अकाली गठबंधन के संकेत दिए अमित शाह के बाद अब शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रधान सुखबीर बादल ने अकाली और भाजपा गठबंधन के संकेत दिए हैं। बादल ने कहा कि अकाली दल क्षेत्रीय पार्टी है। हमारे लिए पंजाब नंबर वन है। सरकार आए न आए, हम पंजाबियों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। हमारे लिए 2 पार्टियां पंजाब की सबसे बड़ी दुश्मन हैं, एक कांग्रेस और दूसरी आम आदमी पार्टी। सुखबीर ने कहा- जो भी पार्टी अकाली दल की विचारधारा और प्रोग्राम से सहमत है, हमने गठजोड़ के ऑप्शन खुले रखे हैं। इससे पहले गुरुवार को गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा था कि 2027 में पंजाब में NDA की सरकार बनेगी। (पूरी खबर पढ़ें) 4. सुपारी देकर कराई स्टूडेंट की हत्या, गोली मारी चंडीगढ़ में सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल के स्टूडेंट रहे नैतिक (17) की हत्या में पुलिस जांच में नया खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नैतिक की हत्या सुपारी देकर कराई गई है। कत्ल कराने वाला बंबीहा गैंग का गैंगस्टर लक्की पटियाल है। पुलिस के मुताबिक जिस स्टूडेंट के साथ रंजिश थी, वह सिर्फ शूटर के साथ नैतिक की पहचान करने आया था। उसने शूटर से नैतिक का कत्ल कराया और फिर दोनों फरार हो गए। पुलिस ने नाबालिग स्टूडेंट को हिरासत में ले लिया है। पहले सामने आया था कि 17 साल के आरोपी स्टूडेंट ने बाइक से नैतिक के ऑटो का पीछा किया। फिर नैतिक पर फायरिंग कर दी गई। एक गोली ऑटो चालक के कंधे में लगी, जबकि दूसरी नैतिक की छाती में जा लगी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे सेक्टर-34 में हुई मारपीट और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की रंजिश सामने आई है। यह भी सामने आया है कि कत्ल करते वक्त भी नैतिक की वीडियो बनाई गई है। गैंगस्टर लक्की पटियाल का नाम इससे पहले प्रॉपर्टी डीलर चिन्नी कुब्बाहेड़ी के मर्डर में भी सामने आ चुका है। (पूरी खबर पढ़ें…) 5. पाकिस्तान में सिख लड़की ने इस्लाम कबूला पाकिस्तान में नाबालिग सिख लड़की ने धर्म परिवर्तन कर लिया। उसने इस्लाम कबूल करने के बाद कहा कि मुझे बहुत सुकून मिल रहा है। मुझे धर्म परिवर्तन का कोई मलाल नहीं है। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपनी मर्जी से धर्म बदलने की बात कबूल कर रही है। वह ये भी कहती है कि कलमा पढ़कर मुझे ऐसा लग रहा है कि जन्नत मिल गई है। पहली बार रमजान मनाते हुए मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। हालांकि ये वीडियो कब और कहां बना है, इसके बारे में अभी पता नहीं चला है। वहीं वीडियो सामने आते ही सिख समुदाय ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। सिख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने कहा कि ये कौर टू खान मुहिम का हिस्सा है। पाकिस्तानी ग्रूमिंग गैंग पूरी दुनिया में सिख लड़कियों को टारगेट कर रही है। UK से लेकर दुबई तक उन्हें मुस्लिम बनाया जा रहा है, इसे रोकना होगा। (पढ़ें पूरी खबर…) 6. होटल में युवती ने चुन्नी से फंदा लगा सुसाइड किया जालंधर के एक नामी होटल में एक लेडी कर्मचारी ने शुक्रवार सुबह सुसाइड कर लिया। युवती ने पंखे से चुन्नी बांध फंदा लगाया। मृतका की पहचान शहनाज (27) के रूप में हुई है, जो जम्मू की रहने वाली थी। उसने 20 दिन पहले ही जॉइन किया था। सफाई कर्मी ने सबसे पहले शव को देखा और रिसेप्शन पर जानकारी दी। इसके बाद होटल कर्मचारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। थाना-7 की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौके से साक्ष्य और फिंगरप्रिंट एकत्र किए। (पढ़ें पूरी खबर…) 7. झोटा हत्याकांड, सरकार ने 12 मांगें मानी मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा के मर्डर मामले में शुक्रवार (23 अक्टूबर) को एक्शन कमेटी और SIT की बैठक हुई। इसमें एक्शन कमेटी और परिवार की 14 मांगों में से 12 मांगें मान ली गईं। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी के इस्तीफा देने की मांग को छोड़कर सभी मांगों को पूरा कर दिया गया। SIT की ओर से एक्शन कमेटी को इन मांगों के संबंध में लिखित पत्र भी सौंपा गया है। वहीं, CBI ने मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार को मोहाली में स्थित CBI कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे 5 दिन की रिमांड पर भेजा गया। वहीं, पंजाब फार्मेसी काउंसिल की कार्यकारी कमेटी ने 20 अक्टूबर को हुई बैठक में अश्विनी कुमार का फार्मासिस्ट रजिस्ट्रेशन रद्द करने का फैसला लिया। इसके बाद 22 अक्टूबर को रजिस्ट्रार ने इस संबंध में पत्र जारी किया। आदेश के तहत अश्विनी का नाम पंजीकृत फार्मासिस्टों के आधिकारिक रजिस्टर से हटा दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. घर में शख्स की लाश मिली, लिव-इन पार्टनर फरार लुधियाना के एक घर में लाश मिलने से हड़कंप मच गया। घर का मेन गेट बंद होने पर व्यक्ति का भाई दीवार फांदकर अंदर पहुंचा तो घटना का पता चला। शव से बदबू आ रही थी और चेहरे पर चोट के निशान थे। व्यक्ति करीब 7 साल से लिव-इन पार्टनर के साथ रहता था, लेकिन दोनों में करीब एक साल से अनबन चल रही थी। इसके चलते दोनों अलग रह रहे थे। पुलिस को अब उसी लिव-इन पार्टनर पर हत्या करने का शक है। भाई ने आरोप लगाया कि गर्लफ्रेंड की ओर से पहले धकमियां भी मिल चुकी है। पुलिस ने हत्या की आशंका के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. अकाली दल की हल्का इंचार्ज का पति गिरफ्तार तरनतारन से विधायक हरमीत सिंह संधू ने विधानसभा सेशन में दावा किया कि तरनतारन के रहने वाले कुख्यात गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाठ को कनाडा में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अकाली दल गैंगस्टरवाद को बढ़ावा दे रहा है। नवंबर 2025 के उपचुनाव में अकाली दल ने बाठ की सास प्रिंसिपल सुखविंदर कौर रंधावा को अपना उम्मीदवार बनाया था और बाद में उसकी पत्नी कंचनप्रीत कौर रंधावा को चुनाव क्षेत्र का इंचार्ज नियुक्त किया। हालांकि, तरनतारन पुलिस ने बाठ की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। अमृतपाल सिंह बाठ के खिलाफ हत्या, रंगदारी और नशीले पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। वह पंजाब पुलिस से बचने के लिए फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से कनाडा भाग गया था। बाठ पर 14 जनवरी 2024 को झबल के सरपंच मोनू चीमा की हत्या कराने का आरोप भी है। इसके अलावा, गांव लालू घुम्मन के बुजुर्ग सरपंच की हत्या के मामले में भी उसका नाम शामिल था। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. बस स्टैंड पर जेबकतरों से भिड़ी महिला जालंधर के नकोदर बस स्टैंड पर पर्स चुराने वाली चोर को एक महिला ने दबोच लिया। महिला यात्री ने चोर का खुद पीछा किया और पर्स छीन लिया। हंगामा होने के बाद वहां पर भीड़ जुट गई। इसका फायदा उठाकर आरोपी की एक साथी वहां से फरार हो गई। घटना गुरुवार दोपहर की है। इसकी फुटेज दूसरे दिन सामने आई। करीब 50 साल की उम्र की 2 महिलाएं बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान 2 संदिग्ध महिलाएं वहां पहुंचीं और मौका पाते एक महिला के बैग से पर्स चुरा लिया। कुछ ही पल में पीड़ित महिलाओं को चोरी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत भाग रही महिलाओं का पीछा शुरू कर दिया। पकड़े जाने के बाद पीड़ित महिलाओं पर्स चुराने वाली की खूब पिटाई की। इसी दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया, तो उससे महिला छूट गई और वहां से भाग निकली। इससे उनकी पहचान नहीं हो पाई। (पढ़ें पूरी खबर)