समाचार · हरियाणा
डबवाली में बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन:किसान संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने दिया समर्थन, निजीकरण का विरोध, लाइसेंस वापस लेने की मांग
हरियाणा बिजली कर्मचारी व इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा की तीन दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन शुक्रवार को मंडी डबवाली में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को किसान संगठनों, नेताओं और जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिला। डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल और नगर परिषद प्रधान टेकचंद छाबड़ा अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। किसान नेता जसवीर सिंह भाटी, गुरमेल सिंह, सुखदीप सिंह, बोहड़ सिंह, लखबीर सिंह, भोला सिंह और सुंदरलाल भी इसमें शामिल हुए। निजी कंपनी को दिया लाइसेंस वापस लेने की मांग जॉइंट एक्शन कमेटी ने गुरुग्राम और नूंह सर्कल में निजी कंपनी को बिजली वितरण लाइसेंस देने के हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की। कमेटी का कहना है कि निजी कंपनियों को लाइसेंस देने से सार्वजनिक बिजली व्यवस्था और कर्मचारियों के भविष्य पर असर पड़ेगा। बिजली कर्मचारियों ने सरकार से बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे आम जनता को बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के पक्षधर हैं। कमेटी ने आंदोलन को समर्थन देने वालों का आभार जताया।