समाचार · मध्य प्रदेश
महिला बाथरूम में वीडियो बनाते दिखा कर्मचारी:दिल्ली से उज्जैन आई श्रद्धालु ने भक्त निवास में किया हंगामा, जांच में जुटी पुलिस
उज्जैन के महाकाल मंदिर के पास स्थित माधव सेवा न्यास के भक्त निवास में ठहरी दिल्ली की एक महिला ने वहां के कर्मचारी पर चोरी-छिपे मोबाइल से वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद महाकाल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली की महिला गुरुवार को परिजनों के साथ उज्जैन आई थी। वह माधव सेवा न्यास के भक्त निवास की डॉरमेट्री में ठहरी थी। आरोप है कि रात करीब 8 बजे जब महिला बाथरूम में गई, तब वहां के कर्मचारी अनिरुद्ध ने मोबाइल से उसका वीडियो बनाने का प्रयास किया। महिला को आशंका हुई, तो उसने विरोध करते हुए शोर मचाया। इसके बाद कर्मचारी के वहां से भागने और मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का आरोप भी लगाया गया है। घटना के बाद महिला महाकाल थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कर्मचारी से पूछताछ की है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जा सके। फिलहाल मामले में जांच जारी है। ठहरने की व्यवस्था पर उठे सवाल
माधव सेवा न्यास का भक्त निवास महाकाल मंदिर के नजदीक होने के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने का एक प्रमुख स्थान है। ऐसे में यहां महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निजता सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है। घटना के आरोपों ने भक्त निवास की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी ने क्या कहा?
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि महिला ने कर्मचारी पर वीडियो बनाने की आशंका जताई है। युवक से पूछताछ की जा रही है और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं, न्यास के अध्यक्ष बलराज भट्ट ने बताया कि वे बाहर हैं। उन्हें विवाद और मारपीट की जानकारी मिली है। महिला के साथ किसी तरह की घटना हुई है, तो यह गंभीर मामला है। वे इसकी जानकारी लेंगे।