Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पानीपत में घर में घुसकर परिवार पर हमला:महिला-बुजुर्ग-बच्चों को भी पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पांच नामजद समेत कई पर केस

INT News23 October 2026 at 05:53 pm

पानीपत के कृष्णपुरा की पेपली वाली गली में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी-डंडे और तेजधार हथियार लेकर पहुंचे लोगों ने घर में मौजूद महिला, उसके ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए महिला के पति को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। हमले में महिला और उसके ससुर समेत कई लोगों को चोटें आईं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। औद्योगिक सेक्टर-29 थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कहासुनी पर की मारपीट पुलिस को दी शिकायत में कृष्णपुरा निवासी स्वीटी ने बताया कि 20 अक्तूबर को शाम करीब सात बजे पड़ोसियों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इस दौरान पड़ोस में रहने वाले परिवार के लोगों ने उसे गालियां दीं और उसके माता-पिता के बारे में भी अपशब्द कहे। इसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। बच्चों की भी की पिटाई शिकायत के अनुसार, 21 अक्तूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे आरोपी उसके घर में घुस आए। उनके हाथों में लाठी-डंडे और तेजधार हथियार थे। आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने उसके ससुर के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्वीटी अपने ससुर और छोटे बच्चे को बचाने के लिए आगे आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। जाते हुए धमकी दे गए आरोपी महिला का आरोप है कि जब उसका पति बीच-बचाव करने आया तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। स्वीटी के अनुसार, हमले में उसे और उसके ससुर को काफी चोटें आईं। आरोपियों ने जाते समय धमकी दी कि अगर आगे कोई कार्रवाई की तो उसके परिवार को जान से मार देंगे। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ केस औद्योगिक सेक्टर-29 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अजय, निशु, राहुल, सुनीता और प्रशांत समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115, 190, 191(3), 333 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई सुनील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।