entertainment
प्यार के लिए मौत से भी भिड़ेगा हर्षवर्धन राणे, ‘सिला’ की पहली झलक के साथ रिलीज डेट का ऐलान

बॉलीवुड एक्टर हर्षवर्धन राणे एक बार फिर पर्दे पर प्यार की ऐसी कहानी लेकर आ रहे हैं, जिसमें रोमांस के साथ एक्शन, रहस्य और बदले का तड़का भी लगेगा. उनकी नई फिल्म ‘सिला’ का पहला पोस्टर सामने आ गया है और इसके साथ ही रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है. ओमंग कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में हर्षवर्धन के साथ सादिया खतीब नजर आएंगी. फिल्म की कहानी कश्मीर से लेकर वियतनाम तक के खूबसूरत नजारों के बीच आगे बढ़ेगी, लेकिन इस प्रेम कहानी का रास्ता इतना आसान नहीं होने वाला है.
कब रिलीज होगी हर्षवर्धन राणे की ‘सिला’?
हर्षवर्धन राणे और सादिया खतीब की फिल्म ‘सिला’ 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म के मेकर्स ने इसकी पहली झलक के साथ रिलीज डेट की जानकारी दी है. फिल्म का निर्देशन ओमंग कुमार ने किया है. रोमांस, एक्शन, मिस्ट्री और एडवेंचर से भरपूर इस फिल्म में प्यार के साथ बदले की कहानी भी देखने को मिलेगी.
प्यार की तलाश में खतरनाक रास्ते पर निकलेगा विराज
फिल्म में हर्षवर्धन राणे विराज नाम के शख्स का किरदार निभा रहे हैं. वह उस महिला की तलाश में निकलता है, जिससे वह प्यार करता है. लेकिन उसकी यह तलाश धीरे-धीरे खतरनाक मोड़ ले लेती है. हालात ऐसे बनते हैं कि उसे अपने प्यार को पाने के साथ-साथ खुद की जान बचाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है.
हर्षवर्धन के मुताबिक, विराज का किरदार कई परतों वाला है. इस भूमिका के लिए उन्हें शारीरिक और मानसिक, दोनों स्तरों पर काफी मेहनत करनी पड़ी. एक्टर ने कहा कि फिल्म की कहानी उन्हें इसलिए पसंद आई, क्योंकि यह दिखाती है कि इंसान अपने प्यार के लिए किस हद तक जा सकता है.
हर्षवर्धन राणे के लिए आसान नहीं था यह किरदार
हर्षवर्धन राणे ने ‘सिला’ में अपने अनुभव को चुनौतीपूर्ण और रोमांचक बताया. उनके मुताबिक, फिल्म में विराज की जिंदगी सिर्फ प्यार के इर्द-गिर्द नहीं घूमती, बल्कि अचानक बदलते हालात उसे ऐसे रास्ते पर ले जाते हैं, जहां हर कदम पर उसका सामना मुश्किलों से होता है.
एक्टर ने बताया कि फिल्म के एक्शन सीक्वेंस, अलग-अलग लोकेशन और इमोशनल सीन ने उनसे काफी मेहनत कराई. वह इस फिल्म के जरिए दर्शकों को अपना एक अलग अंदाज दिखाने के लिए उत्साहित हैं.
ओमंग कुमार ने बताया कैसी होगी फिल्म की कहानी
निर्देशक ओमंग कुमार का कहना है कि ‘सिला’ में रोमांस, एक्शन, रहस्य और रोमांच को एक साथ पेश करने की कोशिश की गई है. हालांकि, फिल्म में इन सभी चीजों के बीच प्यार और उससे जुड़ी भावनाओं को सबसे ज्यादा अहमियत दी गई है.
ओमंग कुमार के मुताबिक, हर्षवर्धन राणे अपने किरदार विराज में गहराई और दमदार अंदाज लेकर आए हैं, जबकि सादिया खतीब अपने किरदार में मजबूती और भावनात्मक जुड़ाव जोड़ती हैं. निर्देशक चाहते हैं कि दर्शक फिल्म के रोमांच के साथ उसकी भावनात्मक कहानी से भी जुड़ सकें.
जी स्टूडियोज के बैनर तले बनी है ‘सिला’
‘सिला’ को जी स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है. फिल्म का निर्माण ब्लू लोटस पिक्चर्स और स्टार्क एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ है. फिल्म के निर्माताओं में जी स्टूडियोज, ओमंग कुमार, हिमांशु तिवारी, अजय सिंह, धनंजय सिंह और वनिता गरुड़ कुमार शामिल हैं. हेमंत तिवारी सह-निर्माता हैं.
अब देखना होगा कि प्यार, बदले और एक्शन से सजी हर्षवर्धन राणे की यह कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों का दिल जीत पाती है या नहीं. फिल्म 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
ये भी पढ़ें: उम्र 50 प्लस, दो रिश्तों का अंत, 23 साल का बेटा, फिर भी प्यार की तलाश में है ये एक्ट्रेस
ये भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन को मिली धमकी, बोले- दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर आपके साथ कुछ भी हो सकता है