Friday, 23 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोहना में अग्रसेन जयंती पर सांस्कृतिक-धार्मिक कार्यक्रम:बच्चों के लिए स्लो साइक्लिंग, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला प्रतियोगिता, महिलाओं ने हाथों पर रचाई मेहंदी

INT News23 October 2026 at 05:53 pm

गुरुग्राम जिले के सोहना कस्बे में महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में हनुमान बगीची में आयोजित कार्यक्रमों के पहले दिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। अग्रवाल सभा के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन में महाराज अग्रसेन को माल्यार्पण कर नमन किया गया। इसके बाद ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के तहत बच्चों, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्लो साइक्लिंग, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, महिलाओं ने मेहंदी से सजाए हाथ स्लो साइक्लिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने संतुलन और धैर्य का परिचय दिया, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बच्चों ने अपने सामान्य ज्ञान का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता को कागज पर उकेरा। वहीं, महिलाओं और बालिकाओं के लिए आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक डिजाइन बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। महाराज अग्रसेन के आदर्शों का संदेश पहुंचाना उद्देश्य आयोजकों ने बताया कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मंच प्रदान करना तथा महाराज अग्रसेन के आदर्शों और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। बच्चों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से आयोजन में खास रौनक देखने को मिली। 24 अक्टूबर को निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा अग्रवाल सभा के अध्यक्ष रोहित ने बताया कि महाराज अग्रसेन जयंती के कार्यक्रमों का समापन 24 अक्टूबर, शनिवार को देर रात किया जाएगा। समापन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाज के लोग उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड के चेयरमैन सुभाष बंसल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। जयंती समारोह के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।