समाचार · मध्य प्रदेश
करैरा में 11 हजार महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा:कल से पं. धीरेंद्र शास्त्री सुनाएंगे श्रीराम कथा, दो लाख लोगों के बैठने के लिए बना पंडाल
शिवपुरी जिले के करैरा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर भक्तिमय माहौल बन गया है। कथा की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को 11 हजार से अधिक महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। कृषि उपज मंडी से शुरू हुई यह यात्रा बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच तीन किलोमीटर का सफर तय कर बगीचा धाम स्थित श्रीराम राजा सरकार धाम पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। आयोजकों के अनुसार 24 से 30 अक्टूबर तक चलने वाली इस कथा में शामिल होने के लिए शनिवार को पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हेलीकॉप्टर से करैरा पहुंचेंगे। 25 हजार श्रद्धालु और 50 साधु-संत रहे मौजूद शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे कृषि उपज मंडी परिसर स्थित भगवान शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा की शुरुआत हुई। कथा के मुख्य यजमान पं. राजेश दुबे 'भोला महाराज' श्रीरामचरितमानस ग्रंथ सिर पर रखकर आगे चल रहे थे। करीब 25 हजार श्रद्धालुओं और 50 साधु-संतों की मौजूदगी में निकली इस यात्रा में उज्जैन के संत अद्भुत स्वामी श्रीकृष्ण विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। दोपहर एक बजे कथा स्थल पहुंचकर महिलाओं ने विधि-विधान से कलश स्थापित किए, जिसके बाद सभी के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई। 26 बीघा में बना डोम और 1200 पुलिसकर्मी तैनात आयोजन के लिए 26 बीघा जमीन पर विशाल वाटरप्रूफ डोम तैयार किया गया है, जिसमें एक साथ लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता है। इसके अलावा आठ बीघा क्षेत्र में दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए भव्य भोजनशाला बनाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए दतिया, झांसी, शिवपुरी और नरवर मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग बनाई गई है। जो श्रद्धालु मौके पर नहीं पहुंच सकेंगे, वे संस्कार चैनल और यूट्यूब प्लेटफॉर्म्स के जरिए कथा का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।