sports
भारत-ऑस्ट्रेलिया भी नहीं कर सका ऐसा, जिम्बाब्वे ने 149 साल के टेस्ट इतिहास में किया ये करिश्मा

Zimbabwe Create History: अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए टेस्ट मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में जिम्बाब्वे की टीम दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाकर नया कीर्तिमान बनाया.
ब्रायन बेनेट की अगुवाई वाली जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 504 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में 5 विकेट पर 523 रन बनाकर पारी घोषित की. इस मुकाबले में सिर्फ जिम्बाब्वे ही नहीं, बल्कि अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने भी जमकर रन बरसाए. नतीजा यह हुआ कि एक ही टेस्ट में कई ऐसे रिकॉर्ड बन गए, जो लंबे समय तक याद रखे जाएंगे.
जिम्बाब्वे ने दोनों पारियों में 500 रन बनाकर रचा इतिहास
जिम्बाब्वे ने मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 504 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से ब्रेंडन टेलर और ब्रायन बेनेट ने शतकीय पारियां खेलीं, जबकि वेस्ली मधेवेरे ने 54 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया. अफगानिस्तान की ओर से सलीम सफी और कैस अहमद ने 3-3 विकेट हासिल किए.
जवाब में अफगानिस्तान ने भी शानदार बल्लेबाजी की. सदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज और कप्तान रहमत शाह ने शतक जड़कर टीम को 514 रन तक पहुंचाया. इस तरह पहली पारी के बाद दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 3rd ODI Live: बारिश ने टॉस में डाला खलल, अब मैच देर से होगा शुरू
दूसरी पारी में भी जिम्बाब्वे ने बनाए 500 से ज्यादा रन
हालांकि, जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों का बल्ला दूसरी पारी में भी नहीं रुका. टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 523 रन बना दिए. इस पारी में क्रेग इर्विन ने दोहरा शतक जड़कर महफिल लूट ली. ब्रेंडन टेलर, ब्रायन बेनेट और एंटम नक्वी ने अर्धशतक लगाए, जबकि वेस्ली मधेवेरे ने भी शतक पूरा किया. जिम्बाब्वे ने 523/5 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी. इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली टीम बन गई.
एक टेस्ट में तीन बार 500 के पार पहुंचा स्कोर
अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच यह मुकाबला सिर्फ एक टीम के रिकॉर्ड के लिए ही खास नहीं रहा. इस टेस्ट में तीन पारियों में 500 से ज्यादा रन बने. जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 504, अफगानिस्तान ने 514 और जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में 523 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार किसी मुकाबले में तीन बार 500 या उससे ज्यादा का स्कोर बना है.
जिम्बाब्वे ने इस मैच में अपनी दोनों पारियों को मिलाकर कुल 1027 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट में किसी एक मुकाबले में किसी टीम का यह चौथा सबसे बड़ा रन एग्रीगेट है. इसके साथ ही जिम्बाब्वे टेस्ट मैच में 1000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की सातवीं टीम बन गई. इससे पहले उसका सर्वाधिक मैच एग्रीगेट 885 रन था, जो उसने साल 2000 में नागपुर में भारत के खिलाफ बनाया था.
मैच में 7 बल्लेबाजों ने जड़ा शतक
शारजाह टेस्ट बल्लेबाजों के लिए किसी यादगार मंच से कम नहीं रहा. इस मुकाबले में कुल सात शतक लगे. पुरुष टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह केवल 11वां मौका है, जब एक मैच में सात या उससे ज्यादा शतक बने हैं. इससे भी दिलचस्प बात यह है कि टेस्ट क्रिकेट में अब तक केवल दो मुकाबलों में इससे ज्यादा यानी आठ शतक लगे हैं. साल 2005 में एंटीगुआ में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए टेस्ट और 2013 में गॉल में श्रीलंका-बांग्लादेश मुकाबले में आठ-आठ शतक बने थे.
40 साल की उम्र में ब्रेंडन टेलर ने बनाया खास रिकॉर्ड
जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर के लिए भी यह मुकाबला बेहद खास रहा. 40 साल और 272 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतकर वह पुरुष टेस्ट क्रिकेट में यह सम्मान हासिल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए. इस मामले में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच पहले स्थान पर हैं. उन्होंने 40 साल और 314 दिन की उम्र में साल 1994 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नॉटिंघम टेस्ट में 210 रन की पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता था.
ये भी पढ़ें: ZIM vs AFG: 41 साल की उम्र में क्रेग एर्विन ने रचा इतिहास, 100 साल में कोई नहीं कर सका ऐसा कारनामा