समाचार · मध्य प्रदेश
कार्तिक मेले में 37वीं वेस्टर्न जोनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप:6 राज्यों के 200 बॉडी बिल्डर जुटे, विजेता को मिलेगी 1 लाख की मेयर ट्रॉफी
उज्जैन के कार्तिक मेले में रविवार शाम 37वीं वेस्टर्न जोनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें गोवा, महाराष्ट्र, विदर्भ, राजस्थान और मध्यप्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 200 बॉडी बिल्डरों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेता को 1 लाख रुपए की मेयर ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए करीब 5 लाख रुपए की कुल पुरस्कार राशि रखी गई है। खिलाड़ियों ने फिटनेस का प्रदर्शन किया यह प्रतियोगिता पूर्व उपमहापौर स्व. प्रेमनारायण यादव की स्मृति में नगर निगम ने आयोजित की। इसमें अलग-अलग वजन वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और फिटनेस का प्रदर्शन किया। बेस्ट पोजर को स्व. जगदीश नारंग स्मृति ट्रॉफी के साथ 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं, बेस्ट इम्प्रूव्ड बॉडी का पुरस्कार गुरुमुख दास धानी की स्मृति में दिया जाएगा, जिसकी राशि 25 हजार रुपए है। कमल यादव और चुन्नी पहलवान की स्मृति में भी ट्रॉफियां दी जाएंगी। अलग-अलग वजन वर्गों में पहले से पांचवें स्थान तक आने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन में खिलाड़ियों ने बेटी बचाओ, उत्तम स्वास्थ्य, स्वच्छता और आनंदमयी भारत का संदेश दिया। राज्य शरीर सौष्ठव संस्थान ने इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन के तत्वावधान में प्रतियोगिता आयोजित की। शैलेंद्र व्यास ने बताया कि अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपनी तैयारी और फिटनेस का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।