national
VIDEO: 'बड़ा भाई ही CM होता है', अमित शाह ने इशारों में बता दिया, कौन होगा पंजाब में NDA का मुख्यमंत्री चेहरा

मंगलवार को दिल्ली में भाजपा और अकाली दल ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया. इस दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे. शाह ने कहा कि अकाली दल आज से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा होगा. उन्होंने इसे गुरु पर्व के मौके पर एक खास अवसर बताया और कहा कि अकाली दल उनके पुराने सहयोगियों में से एक है.
अकाली दल निभाएगा बड़े भाई की भूमिका
गठबंधन का ऐलान करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल ने पंजाब विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का फैसला किया है. दोनों पार्टियां सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने कहा, "स्वाभाविक रूप से शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा. बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री होता है. जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है."
दिल्ली सरकार में मंत्री और भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कहा कि गठबंधन की ओर से सुखबीर सिंह बादल मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे. उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब को नशे, गैंगस्टर और कर्ज से मुक्त कराने के उद्देश्य से किया गया है.
View on Instagram
नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना प्राथमिकता
अमित शाह ने कहा कि पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना गठबंधन की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी. इसके अलावा राज्य में भ्रष्टाचार समाप्त करना, कानून-व्यवस्था सुधारना और सीमावर्ती राज्य में सुरक्षा मजबूत करना भी एजेंडे में शामिल है.
शाह ने कहा कि पिछले तीन महीनों से भाजपा नेता नितिन नबीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब के मुद्दों पर लगातार बातचीत चल रही थी. इसमें किसानों की समस्याओं, राज्य की आर्थिक स्थिति और युवाओं के रोजगार से जुड़े सवालों पर चर्चा हुई. इन चर्चाओं के बाद एक रोडमैप तैयार किया गया है, जिसके आधार पर राज्य में प्रस्तावित NDA सरकार काम करेगी.
उन्होंने कहा कि दोनों दल किसानों के कल्याण के लिए मिलकर काम करेंगे और हिंदू-सिख एकता को मजबूत करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा. शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने जनता का भरोसा तोड़ा है और अपने वादे पूरे करने में नाकाम रही है.
2020 में टूट गया था 24 साल पुराना गठबंधन
भाजपा और अकाली दल का गठबंधन काफी पुराना रहा है. दोनों दलों ने सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अपना करीब 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था. उस समय अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा भी दे दिया था. बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे.
इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा. 117 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी, जबकि अकाली दल तीन सीटें जीत सका था.
गठबंधन टूटने से पहले सीटों के बंटवारे के तहत विधानसभा चुनाव में भाजपा 23 सीटों पर और अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था. वहीं, लोकसभा चुनाव में अकाली दल 10 और भाजपा तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारती थी.
अब दोनों दलों ने एक बार फिर साथ आने का फैसला किया है. अमित शाह ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA पंजाब में बहुमत हासिल करेगा और राज्य में अगली सरकार बनाएगा.
ये भी पढ़ें: Explainer: 6 साल बाद साथ आए BJP और अकाली दल, पंजाब में कौन बनेगा CM और कैसे बंटेंगी 117 सीटें?